उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली. सीएम धामी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि उत्तराखंड को आयुष और वेलनेस के क्षेत्र में प्रमुख डेस्टिनेशन बनाने के प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य किए जाएं.
सीएम ने कहा उत्तराखण्ड को विश्व का सर्वश्रेष्ठ योग गंतव्य बनाने के लिए नई योग नीति शीघ्र लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पंचकर्मा को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किये जाएं. राज्य में जड़ी बूटियों के उत्पादन को और बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए आयुष विभाग उद्यान और वन निगम से समन्वय कर संग्रह और विपणन की उचित व्यवस्था की जाए.
सीएम ने आम नागरिकों तक आयुष चिकित्सा की उपलब्धता पर ध्यान दिए जाने की जरूरत बताते हुए कहा कि आयुष के क्षेत्र में निजी भागीदारी के साथ गुणवत्ता युक्त आयुष चिकित्सालयों की स्थापना पर भी ध्यान दिया जाए. इसके साथ ही आयुष के क्षेत्र को बढावा देने के लिए जड़ी बूटी कृषकों के उत्पादों के विपणन के लिए उचित प्लेटफार्म की व्यवस्था बनाने के लिए निर्देशित किया.
सीएम धामी ने स्कूली छात्रों को आयुष संबंधी जानकारी दिए जाने के लिए आयुर्विधा कार्यक्रमों के संचालन में तेजी लाने के प्रयासों की जरूरत बताते हुए सभी स्कूलों में इसकी व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने को कहा. इसके साथी ही आयुष नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में भी शीघ्रता लाने के निर्देश दिए.
सीएमने आयुष के क्षेत्र में बेहतर कार्य संचालन के लिए वेलनेस केन्द्रों की स्थापना, आयुष सेवाओं के प्रमाणीकरण तथा आयुष चिकित्सकों एवं फार्मशिस्टों को प्रसिद्ध आयुष विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षण की व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा. इससे आयुष चिकित्सा को जनता से जोडने में मदद मिलेगी.

