मुख्यमंत्री का गोवर्धन मथुरा में आयोजित सम्मान समारोह में किया गया सम्मान - TV News Today
उत्तराखंड

मुख्यमंत्री का गोवर्धन मथुरा में आयोजित सम्मान समारोह में किया गया सम्मान

उत्तराखंड: मुख्यंमत्री  पुष्कर सिंह धामी के सम्मान में शुक्रवार को गुरू कृपा अतिथि गृह गोवर्धन मथुरा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. ब्रज भूमि और ब्रज के लोगों का आभार वक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हे जो सम्मान मिला है यह सिर्फ उनका सम्मान नहीं है बल्कि ब्रज की भूमि पर यह सम्मान देवभूमि की सवा करोड़ जनता का सम्मान है.

मुख्यंमत्री ने भगवान श्री कृष्ण, राधा रानी और ब्रज के सभी संतों को नमन करते हुए कहा कि मथुरा ’भक्ति आंदोलन’ की विभिन्न धाराओं का संगम स्थल रहा है. आज इस भक्ति यज्ञ को भगवान श्री कृष्ण के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है. यही नहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में देश पहली बार गुलामी की मानसिकता से बाहर आया है. आज भगवान राम का भव्य और दिव्य मंदिर बन रहा है, जिसके साक्षी हम सभी 22 जनवरी को बनेंगे. इस दिशा में प्रधानमंत्री शनिवार को अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तथा भव्य रेलवे स्टेशन के साथ ही अन्य कई योजनाओं का लोकार्पण करने वाले हैं। रामलला हम आयेंगे मंदिर वहीं बनायेंगे की कामना पूर्ण हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई गाथा लिख रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाने वाले न तो राम मंदिर बना पाते, न धारा 370 हटा पाते और न ही तीन तलाक हटा पाते. यह प्रधानमंत्री मोदी की ही क्षमता है जो बिना झुके, थके, व डिगे अपने कर्तव्यपथ पर आगे बढ़ते ही रहे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की प्रेरणा से ही वे भी बिना थके, बिना डिगे उत्तराखण्ड की जनता की सेवा कर रहे हैं. उत्तराखंड में विगत ढाई वर्षों में अनेक ऐसे महत्वपूर्ण और कठोर निर्णय हमने लिए हैं, जो विगत 23 वर्षों में संभव नहीं हो पाये थे.

हमने एक ओर जहां उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया, वहीं धर्मांतरण रोकने के लिए भी कानून बनाया, प्रदेश में पहली बार लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई की गई, वहीं भ्रष्टाचारियों के खिलाफ भी पहली बार कार्रवाई करने से हम पीछे नहीं हटे, इसके साथ ही हमने प्रदेश की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था भी प्रारंभ की. यही नहीं अब हम देवभूमि में समान नागरिक आचार संहिता को भी लागू करने की तैयारी कर रहे हैं. उत्तराखण्ड देवभूमि है, इस देवभूमि का मूल स्वरूप बना रहे इस दिशा में कदम उठाये गये हैं.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विकास और प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर है. देश में 2014 से 2019 का समय आवश्यकताओं को पूरा करने का था, जबकि 2019 से 2024 का समय आकांक्षाओं की पूर्ति करने का कालखंड है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में 2024 से 2029 का समय भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा. अपने इंग्लैंड व अन्य देशों के भ्रमण के दौरान उन्होंने देश के मान व सम्मान को स्वयं भी महसूस किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *