उत्तराखंड

तराई को आबाद करने में सिख समाज का है बड़ा योगदान- मुख्यमंत्री

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रूद्रपुर में आयोजित युवा सिक्ख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि तराई को आबाद करने में सिक्ख समाज का बहुत बड़ा योगदान है.

प्रथम गुरू गुरूनानक से लेकर दशमेश गुरूओं के आशीर्वाद से यह धरती लगातार कृषि, उद्योग एवं विकास की दृष्टि में लघु भारत का संदेश पूरे विश्व में दे रही है. उन्होंने कहा कि गुरूनानक जी से लेकर गुरू तेगबहादुर जी तक समस्त गुरूओं ने राष्ट्र को प्रथम रखा और पूरे राष्ट्र और धर्म को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया, इसके लिए उन्होंने कुर्बानिया भी दी.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 1947 में देश का विभाजन हुआ और विभाजन विभीषिका पर शहीदों को याद करने, उनको स्मरण करने के लिए पूरे देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाता है. उन्होंने रुद्रपुर में विभाजन विभीषिका स्मृति स्थल का निर्माण जल्दी कराये जाने की घोषणा की. आनन्द कारज एक्ट के संबंध में मंत्रिमंडल ने जो निर्णय लिया है, उसे जल्दी लागू करने तथा पांच लाख तक किसानों के लोन पर स्टाम्प ड्यूटी की छूट पहले की तरह जारी रखे जाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही. वर्ग चार की जो नियमितीकरण की पोलिसी है, उसको अभी आगे बढ़ाया जायेगा. अमृतसर तक के लिए ट्रेन चले, इसके लिए पुनः रेलमंत्री से आग्रह करने का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 100 से भी ज्यादा बार ब्लड डॉनेट करने वाले जगदीश सिंह गोल्डी, दिलजीत सिंह, हरविन्दर सिंह चुघ को अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. उन्होंने कहा कि सभी का सहयोग, प्रेम व एकजुटता ही है जो हमें विषम परिस्थितियों में भी प्रदेश में निरंतर विकास कार्य करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवाभाव के संकल्प का अनुसरण कर के पूरे मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *