उत्तराखंड: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 6 नवंबर को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे. जहां वे देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल पदयात्रा एवं जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके बाद रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में होने वाले राजकीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके साथ ही अमित शाह उत्तराखंड के करीब 1500 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे.
सीएम धामी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां तेजी से चल रही हैं. इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को परेड ग्राउंड पहुंचकर मंच, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का निरीक्षण किया. साथ ही अहम दिशा निर्देश दिए.

परेड ग्राउंड में 25 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता जुटेंगे
बता दें कि यह कार्यक्रम बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है. पार्टी का दावा है कि देहरादून, ऋषिकेश, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार से 25 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंचेंगे.
पदयात्रा एवं जनसभा में शामिल होंगे अमित शाह
तय कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह करीब 12 बजे परेड ग्राउंड की पदयात्रा एवं जनसभा में शामिल होंगे. इसके बाद वे पुलिस लाइन में आयोजित राजकीय कार्यक्रम में पहुंचेंगे, जहां उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा.

परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो जोन
गृह मंत्री की जनसभा, पुलिस लाइन के परेड और धनतेरस की खरीदारी के चलते देहरादून में यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया है. पुलिस ने परेड ग्राउंड के आसपास जीरो जोन घोषित किया है और कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है.
अमित शाह की जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहे और लैंसडाउन चौक तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. ऐसे में अगर आप बाहर निकल रहे हैं, तो रूट डायवर्जन प्लान देखकर ही निकलें.

पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को निर्धारित समय से तीन घंटे पहले पहुंचने, पहचान पत्र रखने और ड्यूटी के दौरान मोबाइल का उपयोग न करने के निर्देश दिए हैं. वहीं, वीवीआईपी क्षेत्र और आसपास ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है.

