गंगोत्री धाम में सीजन की पहली बर्फबारी, उत्साहित नजर आए श्रद्धालु, खूबसूरत हुआ नजारा - TV News Today
उत्तराखंड

गंगोत्री धाम में सीजन की पहली बर्फबारी, उत्साहित नजर आए श्रद्धालु, खूबसूरत हुआ नजारा

उत्तराखंड: मॉनसून के विदाई होते ही पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है. आज 29 अक्टूबर को कई पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई. केदारनाथ धाम के बाद गंगोत्री में भी बर्फबारी देखी गई. इससे दोनों धामों में मौसम सुहावना हो गया. साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. धामों में पहुंचे श्रद्धालुओं को भी सीजन की पहली बर्फबारी का लुत्फ उठाने को मिल रहा है.

चारधाम में से गंगोत्री धाम में गुरुवार सुबह मौसम ने करवट बदली और सुबह करीब दस बजे से बर्फबारी शुरू हो गई. गंगोत्री धाम के साथ ही गोमुख ट्रैक और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी तेज बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई. वहीं, निचले इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने से ठंड बढ़ गई है. अचानक बदले मौसम के बीच गंगोत्री धाम पहुंचे तीर्थयात्रियों को बर्फबारी का दीदार करने का मौका मिला. बर्फ के फाहे गिरते देख श्रद्धालु उत्साहित नजर आए और उन्होंने इस खूबसूरत नजारे का आनंद लिया.

गंगोत्री धाम और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे. मौसम खराब होने के कारण ठंड का असर भी बढ़ने लगा था. इसके बाद सुबह करीब दस बजे बर्फबारी शुरू हो गई. देखते ही देखते धाम और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने लगी. गोमुख ट्रैक क्षेत्र में भी बर्फबारी होने से पहाड़ों पर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. दूसरी ओर, निचले क्षेत्रों में बारिश होने से लोगों को ठंड का सामना करना पड़ा.

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने से पूरे क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है. मौसम में आए इस बदलाव से स्थानीय लोगों के साथ ही धाम पहुंच रहे यात्रियों को भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है. गंगोत्री धाम, गोमुख ट्रैक और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से पहाड़ों का नजारा भी बदल गया है. सफेद बर्फ के फाहों के बीच श्रद्धालुओं को प्रकृति के खूबसूरत रूप को करीब से देखने का अवसर मिला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *