दिल्ली: दिल्ली केवल ऐतिहासिक इमारतों, मुगलकालीन स्मारकों और आधुनिक महानगर की चमक-दमक तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह सदियों से आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक विविधता का एक ऐसा जीवंत केंद्र रही है. इसकी गहराई में उतरना हर यात्री के लिए एक अनूठा अनुभव होता है. इसी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया के पर्यटकों के रूबरू कराने के लिए दिल्ली सरकार ने राजधानी में ‘स्पिरिचुअल टूरिज्म’ (आध्यात्मिक पर्यटन) को एक नया आयाम देने का बड़ा फैसला किया है.
मंगलवार को दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर परिसर में राष्ट्रीय राजधानी में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को सुनियोजित बढ़ावा देने के लिए चार नए टूरिज्म सर्किट को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने धर्मगुरु सद्गुरु की उपस्थिति में लॉन्च किया. यह टूरिज्म सर्किट जो तैयार किए गए हैं, सितंबर महीने से पूरी तरह पटरी पर उतरने की उम्मीद है. कार्यक्रम में प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए, जिन्होंने अध्यात्म और पर्यटन के इस अनूठे संगम को एक नई दिशा दी. कॉन्क्लेव के समापन पर एक विशेष हेरिटेज वॉक का भी आयोजन किया गया, जिसने मेहमानों को राजधानी की सांस्कृतिक थाती से रूबरू कराया.
कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक अहम सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि जैसा कि उन्हें सुनने में आया है देश की राजधानी दिल्ली का नाम बदलने पर विचार किया जा रहा है, तो या सही है. दिल्ली को इंद्रप्रस्थ नाम से जाना जाए, यह वे भी चाहते हैं. उन्होंने एक और सलाह दी कि दिल्ली में अनेकों शासकों ने राज किया है. उनके नाम पर यहां की सड़कें भी हैं. इन सड़कों में तुगलक रोड भी शामिल है. उनकी इच्छा है कि तुगलक रोड का नाम भी बदल जाए, क्योंकि तुगलक का नाम जेनोसाइड से जुड़ा है. उसने इस कृत्य को अंजाम दिया.
आज अक्षरधाम मंदिर में ‘आध्यात्मिक एवं विरासत पर्यटन सम्मेलन 2026’ में सम्मिलित हुई। इस अवसर पर आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव जी का सानिध्य प्राप्त हुआ।
दिल्ली अपने भीतर युगों का इतिहास समेटे है। यहां इंद्रप्रस्थ की स्मृतियां और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी सभ्यतागत विरासत… pic.twitter.com/CAvMT4uAF5
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) August 11, 2026
चारों सर्किटों का रूट प्लान और मुख्य आकर्षण
पर्यटकों की सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए इन चारों सर्किटों में अलग-अलग ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों को पिरोया गया है.
सर्किट 1: इस रूट में आस्था और वास्तुकला का बेहतरीन मेल देखने को मिलेगा, जिसमें गुरुद्वारा बंगला साहिब, सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल, प्राचीन अग्रसेन की बावली, विश्वविख्यात लोटस टेंपल और भव्य अक्षरधाम मंदिर शामिल हैं.
सर्किट 2: यह सर्किट बिड़ला मंदिर, ऐतिहासिक झंडेवालान मंदिर, खगोल विज्ञान का प्रतीक जंतर-मंतर, भगवान जगन्नाथ मंदिर और प्राचीन योगमाया मंदिर को आपस में जोड़ता है.
सर्किट 3: इसमें पुरानी दिल्ली और मध्यकालीन इतिहास की महक है. इसके तहत हनुमान मंदिर, जैन लाल मंदिर, अंबेडकर मेमोरियल, ऐतिहासिक पुराना किला और रूहानी सुकून देने वाली हजरत निजामुद्दीन दरगाह को शामिल किया गया है.
सर्किट 4: इस आध्यात्मिक और पुरातात्विक मार्ग पर गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब, बुद्ध मंदिर, चर्च ऑफ रिडेम्पशन, महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क और भव्य छत्तरपुर मंदिर की सैर कराई जाएगी.
पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए इन चारों सर्किट पर आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी. योजना के अनुसार, ये बसें एक-एक दिन छोड़कर अलग-अलग रूट्स पर संचालित की जाएंगी, ताकि हर रूट पर पर्यटकों का सुचारू आवागमन सुनिश्चित हो सके. सितंबर महीने से इन बसों के नियमित संचालन की पूरी उम्मीद है, जिससे पर्यटकों को किफायती और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा.
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा का कहना है कि इस पहल से केवल पर्यटन को ही पंख नहीं लगेंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे. इन रूट्स के आसपास सक्रिय लोकल गाइड्स, ट्रांसपोर्टर्स, रेस्तरां संचालकों, हस्तशिल्प दुकानदारों और अन्य छोटे कारोबारियों के लिए आर्थिक उन्नति के नए अवसर पैदा होंगे. राजधानी के पर्यटन नक्शे पर इन नए सर्किटों के जुड़ने से दिल्ली दर्शन का अंदाज़ अब पूरी तरह बदलने जा रहा है.

