उत्तराखंड

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच उत्तराखंड में हो गया पेपर लीक, दो एग्जाम हुए रद्द

उत्तराखंड: दिल्ली के  जंतर-मंतर पर पेपर लीक को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच उत्तराखंड में एक और पेपर लीक की खबर सामने आई है. उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग के दो पेपर कथित तौर पर लीक हो गए. इसके बाद उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी दोनों सब्जेक्ट की परीक्षा रद्द कर दी है. जानकारी के मुताबिक आरोपी शिक्षक  आशीष कुमार शिवालिक कॉलेज में प्रोफेसर हैं और पेपर सेटर के रूप में प्रश्नपत्र तैयार करने का काम कर रहे थे. उन पर आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से मिलते-जुलते सवाल एक कॉलेज के व्हाट्सऐप ग्रुप में छात्रों को भेजे. इसके बाद दोनों पेपर रद्द कर दिए गए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

इस पूरे घटनाक्रम में कॉलेज की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. इस मामले में आरोपी शिक्षक पर मुकदमा भी दर्ज किया गया है. पेपर लीक को लेकर देशभर में मौजूदा माहौल के बीच ये खबर काफी ज्यादा बड़ी हो सकती है. छात्र लगातार पेपर लीक की घटनाओं को रोकने और इसकी जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे हैं. इसी बीच उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से ये खबर सामने आई है.

वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर तृप्ता ठाकुर ने इस मामले को लेकर कहा कि, जिस कॉलेज से ये टीचर हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग गई है. हमने अपनी तरफ से आगामी परीक्षा की किसी भी गितिविधि में उस शिक्षक की भूमिका को अगले 7 साल के लिए रोक दिया है. इस टीचर ने अपने 22 बच्चों के लिए कॉम्प्रोमाइज किया है.

वीसी ने बताया कि, हमारी मोरल ड्यूटी है कि हम ऐसे टीचर्स को कभी भी अपनी परीक्षाओं में शामिल ना करें. जिस कॉलेज का ये टीचर है, उसे उनके खिलाफ मामला दर्ज करवाना चाहिए. हमने कॉलेज को कहा है कि हम आपकी तरफ से की गई कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं. जो पेपर लीक हुआ है, वो एक ही कॉलेज का पेपर था. जब हमने जांच की तो पता चला कि एक पेपर पहले से ही लीक हो चुका था, इसलिए उस पेपर को भी रद्द कर दिया गया. वीसी ने बताया कि अगस्त में एग्जाम करवाया जाएगा और जल्द ही इसकी नई डेट जारी कर दी जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *