उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा और मौसम विभाग द्वारा जारी खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर संचालित सभी यात्रियों को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग स्थलों और सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश जारी किए हैं.
जिलाधिकारी के निर्देशन में जारी आदेशों के अनुसार भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील जोनों तथा यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे बढ़ने की अनुमति न दी जाए. सभी यात्रियों को सुरक्षित होल्डिंग क्षेत्रों में ठहराने, उनके भोजन, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा मार्ग सहित जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, एनडीडीएफ तथा संबंधित विभागों को उच्च स्तर की सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से कहा गया है कि किसी भी प्रकार की आपदा, भूस्खलन, सड़क अवरोध, दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराई जाए, ताकि त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें.
लगातार हो रही वर्षा के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने की आशंका बनी हुई है. ऐसे में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. विभिन्न विभागों के माध्यम से संवेदनशील स्थानों की निगरानी की जा रही है. जिला प्रशासन ने यात्रियों, स्थानीय नागरिकों तथा तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें. अफवाहों से बचें तथा मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा करने से परहेज करें. प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है. किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं उठाया जाएगा.
आपातकालीन सहायता को लेकर प्रशासन की ओर से इन नंबरों 8958757335, 8218326386 पर संपर्क करने का आह्वान किया है. जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि मौसम की स्थिति सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही पुनः शुरू की जाएगी.

