उत्तराखंड

उत्तराखंड में चारों धाम के कपाट खुले, 5 दिन के भीतर श्रद्धालुओं का आंकड़ा 1 लाख 30 हजार पार

उत्तराखंड: आस्था और भक्ति से लबरेज विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का आगाज हो चुका है. कपाट खुलते ही चारों धामों में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ने लगा है. इन पांच दिनों के भीतर चारधाम में श्रद्धालुओं का आंकड़ा 1 लाख 30 हजार पार हो गया है. चारों धामों में से सबसे ज्यादा श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर पर पहुंचे हैं.

गौर हो कि 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खोले गए. जबकि, 22 अप्रैल को हिमालय के गोद में विराजमान केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. वहीं, 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं दर्शनों के लिए खुल गए हैं. इस तरह से चारधाम यात्रा का आगाज भी हो गया है.

यमुनोत्री धाम में आज यानी 23 अप्रैल को 5,616 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के धाम में माथा टेका. जिसमें 2,968 पुरुष, 2,480 महिला और 168 बच्चे भी शामिल रहे. इस तरह से अभी तक यमुनोत्री धाम में 2,7384 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं.

Yamunotri Dham

गंगोत्री धाम के आज यानी 23 अप्रैल को 6,104 श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए. जिसमें 3,350 पुरुष, 2,590 महिला और 164 बच्चे भी शामिल रहे. ऐसे में अभी तक 26,112 श्रद्धालु गंगोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं. इस तरह से यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में 53,496 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं.

Gangotri Dham

केदारनाथ धाम के कपाट खुलते ही बाबा केदार के दर्शनों के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े हैं. आज कपाट खुलने का दूसरा दिन है. आज यानी 23 अप्रैल को 25,252 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे. जिसमें 17,731 पुरुष, 7,382 महिला और 139 बच्चों ने बाबा के दर पर हाजिरी लगाई. इस तरह से दो दिनों के भीतर 63,252 श्रद्धालु बाबा केदार के दर पर माथा टेक चुके हैं.

Kedarnath Dham

बदरीनाथ धाम के कपाट आज यानी 23 अप्रैल को खोले गए हैं. पहले ही दिन 14,091 श्रद्धालुओं ने बदरी विशाल के दर्शन किए. जिसमें 8,999 पुरुष, 3,994 महिला और 1,098 बच्चे भी शामिल रहे. इस तरह से पहले दिन बदरीनाथ धाम में 14,091 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य कमाया है. इन पांच दिनों 1,30,839 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं.

Badrinath Dham

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *