उत्तराखंड

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, टिहरी में गहरी खाई में गिरा वाहन, 8 लोगों की मौत

उत्तराखंड: टिहरी जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. जहां चंबा क्षेत्र में चंबा–कोटी मार्ग पर नैल के पास एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी गहरी खाई में गिर गया. इस हादसे में 8 लोगों की मौत की सूचना है तो 2 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है.

जानकारी के मुताबिक, बोलेरो कैंपर वाहन संख्या UK 09 TA 1799 ऋषिकेश से घनसाली जा रहा था. तभी चंबा–कोटी मार्ग पर नैल के पास वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया. बताया जा रहा है कि वाहन में 9 से 10 लोग सवार थे, जिनमें से 8 लोगों की मौत की सूचना है. जबकि, 2 लोगों का रेस्क्यू किया गया है. दोनों घायलों का जिला अस्पताल बौराड़ी में उपचार किया जा रहा है. टिहरी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है.

हादसे में घायल-

  1. उत्तम पुत्र पुस्सू (उम्र 30 वर्ष), निवासी- ग्राम लोस्तु, बड़ियारगढ़
  2. अंकित पुत्र आशा लाल (उम्र 22 वर्ष), निवासी- ग्राम नेलचामी, घनसाली

टिहरी एसएसपी श्वेता चौबे की मानें तो सभी हरिद्वार में अंतिम संस्कार कर वापस लौट रहे थे. जिस व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए गए थे, उसका बेटा भी मृतकों में शामिल बताया जा रहा है. इस हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों के भीड़ जमा हो गई. उधर, मृतकों के गांव में मातम पसर गया है. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.

वहीं, इस हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने हादसे में दिवंगत हुए लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है. साथ ही जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए. राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए. उन्होंने अधिकारियों को स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *