दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा में बसंत की बहार: शिवालिक पार्क में ‘फ्लावर शो’ की शुरुआत; आकर्षण का केंद्र बना केदारनाथ मंदिर

नोएडा: राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में आज से 22 फरवरी तक भव्य फ्लावर शो का आयोजन किया जा रहा है. ये आयोजन सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट के पास शिवालिक पार्क में होने वाला है. ये फ्लावर शो चार दिन चलने वाला है. इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है. इस शो की थीम ‘केदारनाथ’ पर आधारित है, जहां फूलों से बना 40 फीट ऊंचा मंदिर हर किसी का मन मोह रहा है.

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी के अनुसार इस साल फ्लावर शो की थीम धार्मिक और सांस्कृतिक झलक के साथ तैयार की गई है. शो का मुख्य आकर्षण फूलों से निर्मित केदारनाथ मंदिर की भव्य प्रतिकृति होगी, जिसकी लंबाई लगभग 30 फीट और ऊंचाई करीब 40 फीट रखी गई है. मंदिर के सामने फूलों से त्रिशूल, डमरू और नंदी की आकृतियां बनाई गई है. इनकी लंबाई लगभग 8 फीट और ऊंचाई 3 फीट है.

इसके अलावा, करेले से छह फीट ऊंचे हाथी की अनोखी आकृति तैयार की गई है, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी. मुख्य पाथवे पर सात फीट ऊंचे बास्केट सौंदर्यीकरण के साथ ‘टॉप बास्केट फ्लो’ और ‘बास्केट फॉर पॉट्स फ्लॉवर’ तैयार किए गए हैं. प्रवेश पाथवे द्वार और प्रवेश गार्डन द्वार 10 फीट लंबाई और 12 फीट ऊंचाई में बनाए गए हैं. साथ ही ढोलक शेप, मटका फ्लो, बुद्धा लोटस और अन्य कई फ्लोरल रेप्लिका एवं मूर्तियां भी प्रदर्शित की जाएगी.

फ्लावर शो में केदारनाथ मंदिर

मुख्य शिल्पकार एस. पी. अग्रवाल ने बताया कि इसको बनाने की तैयारी 29 जनवरी से शुरू की गई थी और अब बेंगलुरु से मंगाए गए 48 लाख फूलों से 124 कारीगरों ने दिन-रात एक कर इसे तैयार किया है. अग्रवाल बताते है कि लगभग 48 लाख फूलों का इसमें इस्तेमाल किया गया है. जो मुख्य रूप से बेंगलुरु से मंगाए गए गुलाब और क्राइसेंथीमम के सफेद, गुलाबी, पीले और पर्पल रंगों का उपयोग हुआ है. फूलों की ताजगी बरकरार रखने के लिए पिछले 3 दिनों से लगातार बेंगलुरु से फ्लाइट के जरिए फूल मंगाए जा रहे हैं.

मंदिर की भव्यता जो दिखाई दे रही है वह केवल फूलों से नहीं है, बल्कि इंजीनियरिंग का कमाल है. पहले लोहे का स्ट्रक्चर बना, फिर फैब्रिकेशन और वेल्डिंग हुई और अब फूलों से इसे सजाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *