उत्तराखंड

उत्तराखंड के लाल हवलदार रविंद्र सिंह का अरुणाचल प्रदेश में निधन, कल होगा अंतिम संस्कार

उत्तराखंड: देश की रक्षा में सेवारत रुद्रप्रयाग के दशज्यूला पट्टी के आगर गांव निवासी भारतीय सेना के जवान हवलदार रविंद्र सिंह का असामयिक निधन हो गया. निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और गांव समेत जिले में मातम का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात 36 वर्षीय हवलदार रविंद्र सिंह पुत्र स्व. सतेंद्र सिंह राणा, वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश के अलोंग में तैनात थे. 18 जनवरी 2026 को ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया. रविंद्र सिंह अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं.

जवान का पार्थिव शरीर सोमवार रात तक रुद्रप्रयाग स्थित आर्मी कैंप पहुंचेगा. मंगलवार सुबह लगभग सात बजे पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन हेतु उनके पैतृक गांव आगर (दशज्यूला पट्टी) लाया जाएगा. इसके बाद अलकनंदा और मंदाकिनी संगम, रुद्रप्रयाग में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

जवान के निधन की सूचना मिलने के बाद से जवान के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्राम प्रधान आगर चंद्रकला देवी ने बताया कि इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है. गांव के सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने जानकारी दी कि रविंद्र सिंह वर्ष 2008 में 15 गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे और अपने मधुर व्यवहार और सरल स्वभाव के कारण गांव के सभी लोगों के प्रिय थे.

जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन कांडपाल ने जवान रविंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रविंद्र सिंह देश सेवा में कार्यरत थे. उनके बलिदान से न केवल गांव बल्कि पूरे जिले में शोक की लहर है. जिलेवासियों को अपने इस वीर सपूत पर गर्व है, जिनका नाम सदैव सम्मान के साथ लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *