दिल्‍ली-एनसीआर

बिहार विधानसभा चुनाव में बहुमत मिलने पर प्रधानमंत्री का हुआ सम्मान, पीएम मोदी ने दिए मंत्र

दिल्ली: संसद का शीतकालीन सत्र 2025 जारी है. आज मंगलवार को सत्र का 7वां दिन है. आज लोकसभा में SIR और राज्यसभा में वंदेमातरम पर चर्चा होगी. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी चुनाव सुधारों पर चर्चा की शुरुआत करेंगे. वहीं, संसद के उच्च सदन में गृहमंत्री अमित शाह वंदेमातरम की चर्चा शुरू करेंगे. वहीं, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले एनडीए के घटक दलों की एक बैठक हुई. इस बैठक में पीएम मोदी समेत सभी दलों के नेता शामिल हुए.

जानकारी के मुताबिक बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में प्रचंड बहुमत मिलने पर सत्ताधारी भारतीय राजतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सभी सांसदों की हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी गई और उनका सम्मान भी किया गया. बता दें, यहां संसद भवन परिसर में हुई एनडीए संसदीय दल की मीटिंग में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा भी मौजूद रहे.

एनडीए के दो घटक दलों जनता दल (यू) के नेता संजय झा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का माला पहनाकर सम्मान किया. इससे पहले सोमवार को बिहार के एनडीए के नेताओं के एक डेलीगेशन ने पीएम मोदी से मुलाकात की और राज्य चुनावों में गठबंधन की बड़ी जीत के लिए उन्हें बधाई भी दी.

संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने एनडीए की बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पीएम मोदी ने सहयोगी दलों के सांसदों से कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सत्ताधारी दल शानदार जीत के बाद लोगों की भलाई के लिए और ज्यादा जोश के साथ काम करें. उन्होंने कहा कि बड़ी जीत के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है. पीएम मोदी ने सभी सांसदों को अपने-अपने चुनाव क्षेत्र के लिए काम करने के लिए भी कहा. प्रधानमंत्री ने सभी क्षेंत्रों में सुधार करने पर भी जोर दिया ताकि लोगों की जिंदगी आसान हो सके और उन्हें कोई दिक्कत न हो. प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि कानूनों से लोगों को मदद मिलनी चाहिए. उन्होंने सांसदों से युवाओं से जुड़ने की भी अपील की.

पिछले महीने अक्टूबर में हुए 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा के चुनाव में NDA को 202 सीटें मिलीं. वहीं, JD(U) सुप्रीमो नीतीश कुमार राज्य के 10वीं बार मुख्यमंत्री बने. गठबंधन के सहयोगी दलों में से, BJP ने 89 सीटें, JD(U) ने 85, LJP (रामविलास) ने 19, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने चार सीटें जीतीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *