दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अत्याधुनिक ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) का शिलान्यास किया

दिल्ली:  मुख्यमंत्री ने बुधवार को नंद नगरी में अत्याधुनिक ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) का शिलान्यास किया है. इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह दिल्ली का पहला ऐसा प्रोजेक्ट है, जो मशीनों के माध्यम से कमर्शियल वाहनों की टेस्टिंग करेगा. इसके जरिए वाहनों की ब्रेक, सस्पेंशन और अन्य तकनीकी जांच मानव से कहीं ज्यादा तेजी और सटीकता से होगी, जिससे पॉल्यूशन कंट्रोल में बड़ी मदद मिलेगी.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने अदालत में पॉल्यूशन कंट्रोल को लेकर एफिडेविट तो दिए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया. पुरानी सरकार ने सिर्फ 15 साल पुरानी पेट्रोल गाड़ियां और 10 साल पुरानी डीजल गाड़ियां स्क्रैप करवा दीं, लेकिन इसका प्रदूषण पर कोई असर नहीं पड़ा.” मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर पहले एटीएस बनाए जाते तो हालात कुछ और होते. भाजपा की सरकार ने डीटीसी बस सेवा को फिर से मजबूत किया. इसी के साथ ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन खोलने की दिशा में भी तेजी से काम किया.

सीएम रेखा गुप्ता ने ये भी कहा, दिल्ली सरकार टेक्निकल एक्सपर्ट्स के साथ मिलकर यह सुनिश्चित कर रही है कि पॉल्यूशन को जड़ से खत्म किया जाए. सेफ ड्राइव, सेव लाइफ” मिशन के तहत आने वाले समय में और भी योजनाओं की शुरुआत की जाएगी, ताकि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके.

दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि एटीएस के खुलने से खास तौर पर उन लोगों को राहत मिलेगी जो बुराड़ी और झुलझुली के रास्ते में टेस्टिंग की समस्याओं से जूझते थे. अब नंद नगरी डिपो में ही टू व्हीलर से लेकर बड़े कमर्शियल व्हीकल तक की टेस्टिंग आसानी से होगी. ऑटोमेटिक मशीनें बिना मानवीय हस्तक्षेप के वाहनों की गहन जांच करेंगी. परिवहन मंत्री ने कहा, “यह स्टेशन दिल्ली के लाखों वाहन चालकों के लिए नींव का पत्थर साबित होगा. ब्रेक, सस्पेंशन और पर्यावरण मानकों की जांच अब पारदर्शी तरीके से होगी, जिससे भ्रष्टाचार पर भी रोक लगेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *