Notice: Function _load_textdomain_just_in_time was called incorrectly. Translation loading for the wordpress-seo domain was triggered too early. This is usually an indicator for some code in the plugin or theme running too early. Translations should be loaded at the init action or later. Please see Debugging in WordPress for more information. (This message was added in version 6.7.0.) in /home/lb3wquvtw5sd/public_html/tvnewstoday.com/wp-includes/functions.php on line 6114
राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर सीएम धामी ने किया पदक जीतने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित - TV News Today
उत्तराखंड राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर सीएम धामी ने किया पदक जीतने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित
उत्तराखंड

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर सीएम धामी ने किया पदक जीतने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने  राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले उत्तराखंड के एथलीटों को सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए सभी को खेल दिवस की शुभकामनाएं दी. मुख्यमंत्री ने ओलंपियन लक्ष्य सेन,  परमजीत सिंह, सूरज पंवार व  अंकिता ध्यानी को 50 – 50 लाख की धनराशि के चेक प्रदान किए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में आयोजित होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों की वेबसाइट का लोकार्पण भी किया.

कार्यक्रम में राज्य के खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर अपना पंजीकरण करने एवं उपलब्धियां दर्ज करने के उद्देश्य से UKSRS पोर्टल भी लाचं किया गया है. सीएम धामी ने उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के 3900 खिलाड़ियों को डी.बी.टी के माध्यम से कुल 58 लाख 50 हज़ार रूपये की छात्रवृत्ति वितरित की. मुख्यमंत्री ने 269 राष्ट्रीय, 58 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं 65 प्रशिक्षको, इस प्रकार कुल 392 लोगों को डी.बी.टी के माध्यम से  7 करोड़ 4 लाख की पुरस्कार धनराशि का भी वितरण किया.

मुख्यमंत्री ने इस दौरान घोषणा की कि महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून के छात्रों हेतु खेल गतिविधियों से जुड़ी स्नातक कक्षाओं को भी प्रारंभ किया जाएगा. जिसे निर्माणाधीन खेल विश्वविद्यालय के साथ जोड़ा जायेगा. मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत चयनित 2600 खिलाडियों में से 10 प्रतिशत खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर चयनित कर विशेष प्रशिक्षण दिये जाने की व्यवस्था की जायेगी. भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा संचालित टारगेट ओलम्पिक पोडियम योजना की भांति राज्य सरकार द्वारा भी टारगेट इंटरनेशनल पोडियम योजना संचालित की जायेगी. जिससे कि उत्तराखण्ड राज्य के खिलाड़ियों को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने में सहायता प्राप्त होगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है. खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नई खेल नीति लागू की गई है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरियों में प्रमोशन देने की शुरुआत की गई है. इसके तहत 31 खिलाड़ियों को सरकारी विभागों में नियुक्ति प्रदान की है. राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय बनाने के लिए विधेयक भी पास कर दिया गया है. सरकार ने मुख्यमंत्री खेल विकास निधि की स्थापना की है. जिसमें पूर्व निर्धारित धनराशि में 100 प्रतिशत की वृद्धि की गई है.

खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है. राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के लिए खेल किट खरीदने हेतु दी जाने वाली धनराशि को 3 हजार से बढ़ाकर 5 हजार किया गया है. राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन राशि दी जा रही है. राज्य में उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार एवं हिमालय खेल रत्न पुरस्कार भी प्रदान किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर्ष का विषय है कि प्रदेश को 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करने का अवसर प्राप्त हो रहा है. राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करना राज्य के लिए बड़ी चुनौती होने के साथ बेहतर  अवसर भी है. राष्ट्रीय खेलों के लिए राज्य में जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है. सीएम ने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए तैयार है.

Exit mobile version