Notice: Function _load_textdomain_just_in_time was called incorrectly. Translation loading for the wordpress-seo domain was triggered too early. This is usually an indicator for some code in the plugin or theme running too early. Translations should be loaded at the init action or later. Please see Debugging in WordPress for more information. (This message was added in version 6.7.0.) in /home/lb3wquvtw5sd/public_html/tvnewstoday.com/wp-includes/functions.php on line 6114
उत्तराखंड में बादल फटने से तबाही: रुद्रप्रयाग और चमोली में कई लोग लापता, जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त - TV News Today
उत्तराखंड उत्तराखंड में बादल फटने से तबाही: रुद्रप्रयाग और चमोली में कई लोग लापता, जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त
उत्तराखंड

उत्तराखंड में बादल फटने से तबाही: रुद्रप्रयाग और चमोली में कई लोग लापता, जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त

उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी जिलों में कई स्थानों पर बादल फटने से जनहानि, पशुहानि और व्यापक भौतिक नुकसान की खबर है. कई लोग मलबे में दबे हैं, कई लापता हैं और स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है.

उत्तराखंड में एक बार फिर प्रकृति ने अपना प्रकोप दिखाया है. राज्य के रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बादल फटने की घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. तेज बारिश और मलबे की चपेट में आकर कई लोगों के लापता होने और घरों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें हैं. प्रशासन अलर्ट पर है और राहत कार्य जारी हैं.

चमोली जिले के देवाल ब्लॉक के मोपाटा गांव में गुरुवार देर रात बादल फटने से तबाही मच गई. जिलाधिकारी संदीप तिवारी के अनुसार, गांव के निवासी तारा सिंह और उनकी पत्नी लापता हैं. वहीं विक्रम सिंह और उनकी पत्नी घायल हो गए हैं. उनके घर और गोशाला मलबे में दब गए हैं, जिससे करीब 20 मवेशी भी मारे गए हैं. इस घटना के बाद देवाल तहसील के सभी संपर्क मार्गों पर मलबा जमा हो गया है, जिससे राहत कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। चमोली जिले के सभी ब्लॉकों में शुक्रवार को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है.

कर्णप्रयाग क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से कालेश्वर इलाके में पहाड़ी से भारी मलबा घरों में घुस गया. प्रशासन ने तत्काल जेसीबी लगाकर मलबा हटाने की कोशिश की. पुलिस भी राहत कार्य में मौजूद रही. अलकनंदा और पिंडर नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. कर्णप्रयाग के सुभाषनगर क्षेत्र में सड़कों पर मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात ठप हो गया है.

टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक के गेंवाली गांव में भी रात में बादल फटने की घटना हुई है. हालांकि, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि इस क्षेत्र में कोई जनहानि नहीं हुई है. लेकिन कृषि भूमि, विद्युत और पेयजल लाइनों को नुकसान पहुंचा है. राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है. कई पैदल पुल और रास्ते टूट गए हैं, जिससे गांवों का संपर्क टूट गया है.

उत्तराखंड के इन पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से स्थिति गंभीर बनी हुई है. आपदा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने से राहत पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.

Exit mobile version