उत्तराखंड: केदारनाथ धाम में मौसम साफ होने के साथ ही बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है. 2026 की केदारनाथ धाम यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है. यात्रा के समापन में महज आठ दिन शेष रहने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और बाबा के प्रति अटूट आस्था बरकरार है. देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कर रहे हैं.
धाम में मौसम अनुकूल रहने से श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन करने के साथ ही हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का अवसर मिल रहा है. मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गुंजायमान है. कठिन पहाड़ी रास्तों और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ यात्रा कर रहे हैं. पैदल मार्ग के साथ ही घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेलीकॉप्टर सेवाओं के माध्यम से भक्त धाम पहुंच रहे हैं.
11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे कपाट
केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 11 नवंबर 2026 को भैयादूज के पावन अवसर पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. इसके साथ ही इस वर्ष की यात्रा का समापन हो जाएगा. यात्रा के अब तक के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष 18 लाख 95 हजार के करीब श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं. श्रद्धालुओं की यह संख्या धाम के प्रति देश-विदेश के भक्तों की अटूट आस्था और विश्वास को दर्शाती है. यात्रा के अंतिम दिनों में भी श्रद्धालुओं की निरंतर आवाजाही बनी हुई है.
केदारनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक श्रद्धालुओं के ठहरने, खानपान, स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं पर नजर रखी जा रही है. रुद्रप्रयाग पुलिस स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाल रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन कराए जा सकें.
धाम में लगातार बढ़ती ठंड और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से पर्याप्त गर्म कपड़े और आवश्यक दवाइयां साथ रखने की अपील की है. पुलिस ने यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी लेने, अपनी शारीरिक क्षमता के अनुरूप यात्रा करने और पैदल मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. श्रद्धालुओं से प्रशासन एवं पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा केदारनाथ धाम यात्रा के अंतिम चरण में भी श्रद्धालुओं की निरंतर आवाजाही बनी हुई है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है. यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है. मौसम में बदलाव और ठंड को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा पर आने से पूर्व मौसम की जानकारी अवश्य लें. प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें.
