दिल्ली: अक्टूबर महीने आयोजित होने वाले हाफ मैराथन की शुरुआत दिल्ली सचिवालय से होगी. शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दिल्ली सचिवालय में वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2025 के फिनिशर मेडल का अनावरण किया. इस आयोजन का उद्देश्य खेल भावना, फिटनेस और स्वास्थ्य के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है.
मुख्यमंत्री का कहना है कि यह हाफ मैराथन सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि यह स्वस्थ, सशक्त और अनुशासित समाज के निर्माण की दिशा में एक बड़ा अभियान है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हमारी सरकार यह भी प्रयास करेगी कि मैराथन में इस बार महिलाओं की संख्या पुरुष से अधिक हो.
वेदांता ग्रुप द्वारा 12 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली हाफ मैराथन के मेडल का अनावरण किया।
यह पहल माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के Fit India Movement की भावना से जुड़ी है।
सभी दिल्लीवासियों, विशेषकर महिलाओं से आह्वान करती हूँ कि इस पहल से जुड़ें और फिटनेस की… pic.twitter.com/WP617n9whk
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) August 29, 2025
प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर धावक का संकल्प और मेहनत समाज के लिए प्रेरणादायक है. यह मेडल केवल धावकों की जीत का प्रतीक नहीं है, बल्कि उनकी हिम्मत, लगन और प्रतिबद्धता का सम्मान है. उन्होंने बताया कि वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 12 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा, जिसमें दिल्ली के हजारों लोग न केवल दिल्ली से बल्कि पूरे देश और विश्वभर से हिस्सा लेंगे. यह आयोजन ‘स्वस्थ दिल्ली, सशक्त दिल्ली’ के विज़न को आगे बढ़ाने का प्रतीक है. उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में अब महिला मुख्यमंत्री है, इसलिए हम चाहेंगे कि मैराथन में भाग लेने वालों में इस बार महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक हो.
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी समय-समय पर फिटनेस का संदेश देते हैं. कभी वह तेल का सेवन कम करने की बात करते हैं, कभी योग और व्यायाम को बढ़ावा देते हैं, कभी स्वस्थ जीवन-शैली अपनाने और मोटे अनाज (मिलेट्स) के उपयोग पर बल देते हैं. यह विज़न है कि देश स्वस्थ रहे और भारत का हर नागरिक स्वस्थ और सशक्त बने. उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक स्तर पर स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए जितने भी प्रयास सरकार के साथ मिलकर किए जाते हैं, दिल्ली सरकार उन सभी को प्रोत्साहित करती है. मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से, विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से, अपील की कि वे बड़ी संख्या में इसमें भाग लें. मुख्यमंत्री ने वेदांता के इस प्रयास को अत्यंत महत्वपूर्ण और गंभीर पहल बताते हुए कहा कि प्रतिभागी केवल औपचारिकता निभाने के लिए नहीं, बल्कि पूरे मन से दौड़ते हैं और फिटनेस को अपनी प्राथमिकता बनाते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार चाहती है कि राजधानी का हर नागरिक स्वस्थ रहे और फिट रहकर दिल्ली के विकास में योगदान दे.
दिल्ली सचिवालय से शुरू हो रहा है और साथ ही वेदांता द्वारा दिल्ली की सेहत सुधारने के लिए किए जा रहे अन्य प्रयासों की भी सराहना की. मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस आयोजन के लिए दिल्ली सरकार हर तरह की सहायता और सहयोग उपलब्ध कराएगी. उन्होंने उत्साहपूर्वक कहा कि इस वर्ष दिल्ली एकजुट होकर दौड़ेगी प्रधानमंत्री द्वारा 2019 में शुरू किए गए फ़िट इंडिया मूवमेंट को हमें और आगे बढ़ाना है. उन्होंने कहा कि हर नागरिक को अपने स्वास्थ्य और देश की समृद्धि दोनों का ध्यान रखना चाहिए. अंत में मुख्यमंत्री ने वेदांता समूह को इस आयोजन के लिए बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल दिल्ली को स्वस्थ और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. कार्यक्रम में वेदांता की अनिल अग्रवाल फाउंडेशन एंड बिज़नेस स्ट्रैटेजी की अध्यक्ष रितु झिंगोन व अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा प्रोकैम इंटरनेशनल के प्रतिनिधि मौजूद थे.
