उत्तराखंड सीएम धामी ने सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा के लिए एसओपी बनाने के दिए निर्देश
उत्तराखंड

सीएम धामी ने सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा के लिए एसओपी बनाने के दिए निर्देश

उत्तराखंड: पिछले कुछ समय से लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जो राज्य सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं. इसी बीच 21 फरवरी को बेसिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के कार्यालय में उनके साथ हुई मारपीट का मामला सुर्खियों में बना हुआ है. शिक्षा विभाग के शिक्षकों और अधिकारियों, कर्मचारियों ने इस घटना के विरोध में कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया है. बेसिक शिक्षा निदेशक पर हुए हमले पर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने सोमवार को सीएम धामी से मुलाकात की.

मुलाकात के दौरान पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस बाबत मांग की कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना के साथ ही पूर्व में तमाम अन्य स्थानों पर सरकारी अधिकारी- कर्मचारियों के साथ घटनाएं हो चुकी हैं. ऐसे में इन घटनाओं पर लगाम लगाए जाने के लिए कोई ठोस पहल की जाए. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारी- कर्मचारी और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए मुख्य सचिव को एसओपी बनाने के निर्देश दिए हैं.

मुलाकात के दौरान, मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान- सम्मान और सुरक्षा को लेकर हमेशा गंभीर रही है. मौके पर ही मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को फोन कर, अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने डीजीपी को भी निर्देश दिए हैं कि सरकारी कार्यालयों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं. साथ ही इस तरह की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्होंने एसएसपी देहरादून को भी शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए.

प्रदेश के सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों से झड़प, बदतमीजी के मामले पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं. लेकिन 21 फरवरी को प्राथमिक शिक्षा निदेशक के कार्यालय में निदेशक के साथ हुई हाथापाई के बाद प्रदेश भर में मामला गरमाया हुआ है. क्योंकि इस पूरे मामले में रायपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ का नाम सामने आ रहा है. इस पर जहां एक ओर जमकर राजनीति हो रही है और विपक्षी दल विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.

वहीं शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षण अधिकारी और कर्मचारियों ने निर्णय लिया है कि अगर 25 फरवरी तक आरोपी विधायक की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वो 25 फरवरी से कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे. हालांकि इस बीच देहरादून पुलिस ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक मारपीट मामले में एक्शन लेते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. लेकिन उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि मारपीट और तोड़फोड़ विधायक उमेश शर्मा काऊ के नेतृत्व में हुई थी, तो उनकी गिरफ्तारी होनी चाहिए.

Exit mobile version