उत्तर प्रदेश महाकुंभ का आखिरी स्नान; दुनिया के सबसे बड़े मेले को वायुसेना ने भी दी सलामी (वीडियो देखे)
उत्तर प्रदेश

महाकुंभ का आखिरी स्नान; दुनिया के सबसे बड़े मेले को वायुसेना ने भी दी सलामी (वीडियो देखे)

उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में महाकुंभ-2025 के अंतिम दिन भारतीय वायुसेना ने मेला क्षेत्र में शानदार एयर शो का आयोजन किया. इस अद्भुत प्रदर्शन ने श्रद्धालुओं को रोमांचित कर दिया. कुंभ के पावन अवसर पर जहां गंगा के तट पर साधु-संतों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी, वहीं आकाश में वायुसेना के जांबाजों का कौशल देखने लायक था. शिवरात्रि महास्नान के दौरान श्रद्धालुओं को सुखोई लड़ाकू विमान से सलामी दी गई.

एयर शो की शुरुआत लड़ाकू विमानों की गगनचुंबी उड़ान से हुई, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया. वायुसेना के विमानों ने अनुशासन और सटीकता के साथ अपने करतब दिखाए, जिससे पूरा आसमान मंत्रमुग्ध करने वाले नज़ारों से भर गया. इस दौरान सुखोई लड़ाकू विमानों ने विभिन्न प्रकार के हवाई करतब दिखाए. वायुसेना के जांबाज पायलटों ने हवा में ऐसी कलाबाजियां दिखाईं, जिसे देखकर श्रद्धालु रोमांच से भर उठे.

श्रद्धालुओं ने इसे एक अविस्मरणीय अनुभव बताया. कई लोग इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए. महाकुंभ के इस अंतिम दिन का समापन वायुसेना के इस भव्य प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसने श्रद्धालुओं को एक अद्वितीय और गर्व से भरा अनुभव दिया. बता दें कि महाशिवरात्रि के स्नान के साथ ही महाकुंभ के महापर्व का समापन हो गया. 65 करोड़ से ज्यादा लोगों ने एक महीने तक चले इस महापर्व में स्नान किया है.

Exit mobile version