उत्तर प्रदेश तीज महोत्सव- 2026′ में समृद्धि शर्मा ने सोलो डांस में बाजी मारी
उत्तर प्रदेश

तीज महोत्सव- 2026′ में समृद्धि शर्मा ने सोलो डांस में बाजी मारी

सुशील कुमार शर्मा

गाजियाबाद: सावन के पवित्र महीने और हरियाली तीज के पावन अवसर पर महानगर में उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है. इसी कड़ी में गत रविवार ए पी एस एन गोल्डन डांस अकादमी द्वारा नवयुग मार्केट स्थित अनंत बैंक्विट हॉल में एक भव्य ‘तीज महोत्सव- 2026’ का आयोजन किया गया. इस महोत्सव में भारतीय संस्कृति, नृत्य और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिला.

महोत्सव का मुख्य आकर्षण महिलाओं के लिए आयोजित विभिन्न श्रेणियों की डांस, तीज क्वीन, रैंप वॉक आदि प्रतियोगिताएं रहीं, जिसमें गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों से आईं दर्जनों महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने अपनी बेहतरीन नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया.

कार्यक्रम की प्रतिष्ठित ‘सब सीनियर वर्ग’ की सोलो डांस प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बीच समृद्धि शर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत प्रथम स्थान प्राप्त किया. उसकी मनमोहक प्रस्तुति ने जजों और दर्शकों दोनों का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता के समापन पर संस्था की वरिष्ठ पदाधिकारियों ने समृद्धि शर्मा को स्मृति चिन्ह (शील्ड) प्रदान कर सम्मानित किया. द्वितीय पुरस्कार कविता और तृतीय स्थान स्वाति को मिला. सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान वंदना ने प्राप्त किया तो द्वितीय नीलम और तृतीय अनु को मिला. इस प्रतियोगिता की निर्णायक चंद्रिका रानी रहीं. इसके अलावा संस्था द्वारा तीज क्वीन और तीज प्रिंसेस प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया जिसमें क्रमशः: तरजोत और कविता ने ताज जीता. इस प्रतियोगिता के निर्णायक अमित गर्ग थे. इसके अलावा कई अन्य प्रतियोगिताओं में छाया शर्मा आदि को भी पुरस्कृत किया गया.

इस पूरे भव्य कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने और इसके मुख्य आयोजन का दायित्व पूजा यादव ने बखूबी निभाया. कार्यक्रम के अंत में संस्था की पदाधिकारियों ने मुख्य आयोजक पूजा यादव के कुशल प्रबंधन की सराहना की और महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागी महिलाओं व दर्शकों का आभार व्यक्त किया.

Exit mobile version