उत्तर प्रदेश जिस अकबरनगर पर चला बुलडोजर वहां लगाए पौधे, सीएम योगी बोले- भूमाफिया ने नदी को नाला बना डाला
उत्तर प्रदेश

जिस अकबरनगर पर चला बुलडोजर वहां लगाए पौधे, सीएम योगी बोले- भूमाफिया ने नदी को नाला बना डाला

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सौमित्र वन, कुकरैल नदी तट हरिशंकरी का पौधा लगाकर पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया. इसके पहले सीएम ने इन पौधों को रक्षासूत्र बांधा. इसी के साथ वृक्षारोपण जन अभियान-2024 के अंतर्गत एक दिन में प्रदेश में 36.50 करोड़ पौधरोपण महा अभियान का शुभारंभ हुआ. सीएम ने सौमित्र वन के विकास की प्रस्तावित कार्ययोजना का भी प्रेजेंटेशन देखा और इससे जुड़ी लघु फिल्म भी देखी. यह वही जगह जहां पर हाल ही में बड़े पैमाने पर बुलडोजर लगाकर काफी संख्या में मकान ध्वस्त कराए गए थे.

पौधरोपण अभियान की शुरुआत करने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर देशवासियों से एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया था. पर्यावरणविद् चिंतित हैं, कि दुनिया में ग्लोबल वॉर्मिंग जीव सृष्टि के लिए नया संकट खड़ा करने जा रहा है. यह संकट मनुष्य के स्वार्थ ने प्रदान किया है, इसलिए इसे नियंत्रित करने की जिम्मेदारी भी मनुष्य पर ही होनी चाहिए. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के संवैधानिक मुखिया के रूप में पीएम मोदी का यह आह्वान हर भारतवासी के लिए मंत्र बनना चाहिए.

सीएम योगी ने कहा, कि यूपी की कुल आबादी 25 करोड़ है. हम 36.50 करोड़ पौधरोपण कर रिकॉर्ड तोड़ने जा रहे हैं. ऐसे में यूपी में आज एक दिन के भीतर हर मातृशक्ति के नाम पर तीन पेड़ लगने जा रहे हैं. सुबह से अब तक लगभग 12 करोड़ पौधे रोपे जा चुके हैं. हमें पौधों को लगाना, बचाना और इसके जरिए पर्यावरण को संरक्षित करना है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, कि 2017 में यूपी में सरकार बनने के बाद पीएम मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में हमने पौधरोपण अभियान प्रारंभ किया. सात वर्ष में भाजपा नेतृत्व की सरकार ने 168 करोड़ पौधरोपण किया. प्रदेश के अंदर थर्ड पार्टी के जरिए इनका सर्वे कराया, तो पता चला कि 75-80 फीसदी पेड़ अभी भी जीवित हैं और अच्छी वाटिका के रूप में स्थापित हैं. वैश्विक संस्थाएं भी इसे मान्यता दे रही हैं. कार्बन उत्सर्जन से पर्यावरण को क्षति हो रही है. उसके बचाव के लिए किसानों ने पेड़ लगाने के अभियान के साथ अपना पंजीकरण कराया है. वैश्विक संस्थाओं ने उनके कार्यों का निरीक्षण किया.

. इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, बृजलाल, संजय सेठ, विधायक ओपी श्रीवास्तव, डॉ. नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, संतोष सिंह, इंजी. अवनीश सिंह, रामचंद्र प्रधान, अपर मुख्य सचिव (पर्यावरण व वन) मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे.

Exit mobile version