ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट इंटरनेशनल फिल्म सिटी का सपना जल्द ही सरकार होने वाला है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी के पहले फेज की 230 एकड़ जमीन का, निर्माणकर्ता कंपनी को गुरुवार को पजेशन दे दिया. इस नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी का निर्माण बोनी कपूर की बेव्यू व भूटानी ग्रुप के द्वारा किया जाएगा. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह व कंसेशनायर की ओर से बोनी कपूर द्वारा कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए.
दरअसल, इंटरनेशनल फिल्म सिटी यीडा में बनाई जा रही है. यह इंटरनेशनल फिल्म सिटी 1000 एकड़ में प्रस्तावित है. इसके लिए पहले फेज में 230 एकड़ जमीन चिह्नित किया गया है, जिसपर जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा. 230 एकड़ क्षेत्रफल पर फिल्म सिटी के विकास के लिए प्राधिकरण के द्वारा ई-टेंडर के माध्यम से 30 सितंबर, 2023 को ग्लोबल टेंडर निकाला गया था. इसमें बेव्यू प्रोजेक्ट्स एलएलपी द्वारा अधिकतम ग्रॉस रेवेन्यू शेयर 18 प्रतिशत के चलते पीपीपीबीईसी समिति द्वारा हाईएस्ट बिडर के रूप में बेव्यू प्रोजेक्ट्स एलएलपी को कंसेशनर के रूप में चयनित किया गया.
गुरुवार को नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी के पहले फेज के पजेशन के मौके पर फिल्म निर्माता बोनी कपूर ग्रेटर नोएडा पहुंचे. उन्होंने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी दुनिया की सबसे आधुनिक फिल्म सिटी होगी. इस फिल्म सिटी में शॉपिंग सेंटर, फूड कोर्ट व होटल बनाए जाएंगे. फिल्म सिटी के पहले फेज में 230 एकड़ में तीन साल में काम शुरू हो जाएगा, जबकि फिल्म सिटी को पूर्ण रूप से बनाने में 7 साल का समय सरकार द्वारा दिया गया है. इस फिल्म सिटी में इंस्टिट्यूट भी बने जाएंगे. साथ ही ज्यादा से ज्यादा स्थानीय लोगों को रोजगार दिया जाएगा.
बोनी कपूर ने कहा कि फिल्म सिटी का शिलान्यास आगामी मार्च या अप्रैल में हो सकता है. इस फिल्म सिटी में पूरी दुनिया की झलक देखने को मिलेगी. वह अपनी फिल्म की शूटिंग भी यही से शुरू करेंगे. इस फिल्म सिटी में शूटिंग देखने आने वाले लोगों के लिए साउंड प्रूफ गैलरी बनाई जाएगी. साथ फिल्म सिटी से उत्तर प्रदेश के टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा. जो लोग फिल्म सिटी देखने आएंगे, वही आगरा व अयोध्या सहित अन्य जगहों पर भी जाएंगे.
इस मौके पर यीडा के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने कहा, आज बहुत बड़ा दिन है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इंटरनेशनल फिल्म सिटी बनाने का सपना साकार होने जा रहा है. यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में इंटरनेशनल फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा. इस फिल्म सिटी के लिए फिजिकल पजेशन दे दिया गया है. फिल्म सिटी के शिलान्यास के लिए निर्माणकर्ता कंपनी जल्द ही समय निर्धारित करेगी. यहां पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जल्द ही उड़ाने भी शुरू होने वाली हैं.
