उत्तर प्रदेश: सीएम योगी गुरुवार को संत कबीर नगर के धनघटा स्थित प्राचीन बैजूनाथ धाम पहुंचे. संत कबीर नगर और गोरखपुर जिले की खजनी विधानसभा क्षेत्र के लिए 475 करोड़ रुपये की 139 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. संत कबीर नगर के लिए 224.79 करोड़ की 65 और खजनी के लिए 250 करोड़ की 74 विकास योजनाएं शामिल हैं.
आपातकाल दिवस के मौके पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. सीएम योगी ने कहा कि आज ही के दिन 1975 में इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी और अटल-मुलायम जैसे दिग्गज नेताओं को जेल में डाल दिया था. उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग 2024 के चुनाव में संविधान की प्रति लेकर जनता को गुमराह कर रहे थे, असल में उन्हीं के राजनीतिक पूर्वजों ने बाबा साहब के संविधान को अपमानित किया था. ऐसे में आज राहुल गांधी और अखिलेश यादव किस मुंह से जनता के बीच जाते हैं?
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 25, 2026
सीएम योगी ने कहा कि सपा-कांग्रेस की सरकारों में लोगों के आने-जाने और मतदान करने पर रोक लगा दी जाती थी, लेकिन आज डबल इंजन की सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं समेत हर वर्ग को सम्मान और छत दे रही है. उन्होंने कहा कि जब बेईमानों और भ्रष्टाचारियों की सरकार आती है, तो वे जनता के हक पर डाका डालते हैं, गरीबों-पिछड़ों का हक छीनते हैं और बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाते हैं.
सीएम ने कहा, आज बदला हुआ उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है. कभी बेहद पिछड़ा माना जाने वाला खजनी और धनघटा क्षेत्र आज पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़ चुका है, जिससे बेलघाट के लोग अब खलीलाबाद या गोरखपुर भटके बिना सीधे 2 घंटे में लखनऊ पहुंच रहे हैं. कबीर दास जी की स्थली मगहर का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि जिस जगह को कभी अंधविश्वास के कारण अछूता माना जाता था, आज वहां ऑडिटोरियम और एकेडमी खड़ी है.
आमी नदी पार करते ही गोरखपुर का औद्योगिक क्षेत्र मगहर के युवाओं को रोजगार दे रहा है. इसके अलावा मेंहदावल में पक्षी विहार को ईको-टूरिज्म के रूप में विकसित किया जा रहा है और जहां पहले उच्च शिक्षा के साधन नहीं थे, वहां अब डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई और अटल आवासीय विद्यालय खोले जा रहे हैं.
