उत्तर प्रदेश: सावन के पवित्र महीने में उत्तर प्रदेश की सड़कों पर शिवभक्तों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार दोपहर मेरठ पहुंचकर कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया और उन पर पुष्पवर्षा की. सीएम योगी ने मंच से ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे शिवभक्तों पर फूल बरसाए. इस खास मौके पर आसमान से हेलीकॉप्टर के जरिए भी कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई.
इस दौरान शिव चौक पर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. मुख्यमंत्री द्वारा शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा किए जाने पर राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया और धन्यवाद जताया.
इससे पहले शनिवार सुबह से ही दिल्ली-देहरादून हाईवे सहित कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों पर शिवभक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. भक्त अपने कंधों पर कांवड़ और गंगाजल लेकर पूरे उत्साह के साथ अपने गंतव्य की ओर लगातार आगे बढ़ रहे हैं. इस दौरान कई ऐसे कांवड़िए भी नजर आ रहे हैं जो अपनी अनोखी कांवड़ के चलते लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.
कांवड़ यात्रा के दौरान भक्तों की भारी भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेरठ प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मेरठ के प्रसिद्ध औघड़नाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था अब एटीएस यानी एंटी टेररिज्म स्क्वॉड ने अपने हाथों में ले ली है. मंदिर परिसर और उसके आसपास के इलाकों की कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है ताकि शिवभक्त शांतिपूर्ण तरीके से भगवान शिव की पूजा अर्चना कर सकें.
मेरठ के साथ बागपत, सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों में भी कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने अपने शहरों और गांवों की ओर लौट रहे हैं. सड़कों पर जगह-जगह कांवड़ियों के लिए सेवा शिविर लगाए गए हैं. प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्गों पर भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रमुख रास्तों पर पुलिस बल तैनात है और कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है.
