उत्तराखंड: स्मार्ट सिटी को सेफ सिटी बनाना सरकार की प्राथमिकता है. प्रदेश सरकार इसी नीति पर काम कर रही है. इसमें नागरिकों का भी योगदान होना चाहिए. आप सब अपने घरों के बाहर सीसीटीवी लगवाएं. इससे सुरक्षा का अहसास होगा और घटनाओं का पर्दाफाश भी होगा. ऐसा करने से सेफ सिटी में छेड़खानी की घटनाएं नहीं होंगी. जो छेड़खानी करेगा, उसका स्थान श्मशान घाट होगा.’ यह बातें सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में कल्याण मंडपम के उद्घाटन अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए कही.
गोरखपुर में ₹452 लाख की लागत से 35,500 वर्ग फीट में विस्तृत कल्याण मण्डपम का लोकार्पण करते #UPCM @myogiadityanath https://t.co/OHnbaIOHhg
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) June 6, 2025
सीएम योगी ने कहा, आज समय की मांग है, कि विकास की जो जरूरी सुविधाएं हैं, वह सरकार विकसित करे. इसका लाभ हर अमीर-गरीब को मिले. उन्होंने कहा कि कल्याण मंडपम, शादी-विवाह के आयोजन का ऐसा स्थल नगर निगम द्वारा बनाया गया है, जो पूरी तरह वातानुकूलित है. मात्र 11 हजार से 25 हजार रुपए में इसकी बुकिंग हो जाएगी. यहां, वह व्यक्ति भी अपनी बेटी की शादी खुशी-खुशी कर सकेगा, जिसको विवाह के लिए अच्छे जगह और कम पैसे में व्यवस्था होने की आस थी. उन्होंने कहा, यह गौरव की बात है, कि गोरखपुर नगर निगम इस तरह की परियोजना को धरातल पर उतारने में प्रदेश में पहले पायदान पर है.
सीएम योगी ने कहा, कि कल्याण मंडपम का उद्घाटन करके, उन्हें आनंद की अनुभूति हो रही है. किसी भी सभ्य समाज के लिए उसकी जरूरत के अनुरूप आवश्यक संसाधन जुटाना सरकार का कार्य है. महानगर के किसी भी मोहल्ले में अमीर हों या गरीब पूरे उत्साह के साथ अपने कार्यक्रम को कल्याण मंडपम में कर सकेंगे. जो अतिथि आएंगे तो उनके लिए भी यहां पूरा इंतजाम है.
इस दौरान योगी ने सभा में मौजूद लोगों को रवि किशन पर तंज कसकर हंसने का भी मौका दिया. उन्होंने कहा कि रवि किशन तो अपने घर के सामने जगह नहीं छोड़े हैं. उनके यहां कोई आयोजन हो, तो पार्किंग कहां होगी. वह तो 15 से 20 लाख रुपए खर्च करके बड़ी जगह पर आयोजन कर सकते हैं, लेकिन समाज का कमजोर आदमी बेटी की शादी के लिए कहां जाएगा.
सीएम ने कहा कि गोरखपुर में बदलाव हर क्षेत्र में हो रहा है. सफाई, जल निकासी पर भी निगम ने ध्यान दिया है. बरसात के दिनों में अब गोरखपुर दो भागों में नहीं बंटता. सीएम योगी ने इस दौरान लोगों से पेड़ लगाने की गुजारिश की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन एक पेड़, मां के नाम लगाएं, को आगे बढ़ाते हुए अपने घर के पास एक पौधा जरूर लगाएं. इससे हरियाली भी बढ़ेगी और ग्लोबल वार्मिंग के खतरे से भी बचा जा सकेगा. उन्होंने इसके लिए पार्षदों को भी जिम्मेदारी सौंपते हुए मोहल्ले में स्वच्छता समिति के साथ मिलकर काम करने की नसीहत दी.
सीएम ने ग्लोबल वार्मिंग की खतरे से बचने और हरियाली बढ़ाने के लिए नदियों के किनारे भी पौधारोपण अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी प्रत्येक जिले को दे रखी है. इसके लिए 50 करोड़ से अधिक नर्सरी तैयार की गई है. 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे. उन्होंने शहर की कई विकास परियोजनाओं की भी इस दौरान चर्चा की और कहा कि बंधू सिंह पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग बनने से जाम की समस्या समाप्त होगी. इंदिरा बाल बिहार में फूड स्ट्रीट बनने से लोगों को यहां लजीज व्यंजन का स्वाद आसानी से मिल सकेगा. ढाबे पर लोग जाने से बचेंगे, लेकिन रवि किशन का क्या? वह तो मंहगे होटल में भी जाकर भोजन कर लेंगे. एक बार फिर मुख्यमंत्री ने रवि किशन पर तंज कस दिया.
सीएम ने कहा कि शहर के अंदर 75 बेड का वर्किंग वूमेन हॉस्टल बनाया जा रहा है, जिसको अहिल्याबाई नाम दिया जाए, जिन्होंने भारत के संरक्षण में 300 साल पहले अद्भुत योगदान दिया था. सीएम ने कहा कि गोरखपुर की विकास परियोजनाओं को अगर चैनेलाइज करके जोड़ा जाए तो यह स्मार्ट सिटी के स्वरूप को और भव्यता प्रदान कर देगा. आने वाले समय में शहर में 5000 की क्षमता का बनने वाला कन्वेंशन सेंटर भी लोगों को कई तरह की सुविधा प्रदान करेगा.
मुख्यमंत्री ने इस दौरान 30 जून को राष्ट्रपति के संभावित आगमन कार्यक्रम की भी चर्चा की और कहा कि प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय के उद्घाटन अवसर पर उनके शामिल होने से चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी शुरुआत होगी. एम्स पहले से ही यहां एक बड़े केंद्र के रूप में लोगों को अपनी सेवा दे रहा है. 21 जून को विश्व योग दिवस की सफलता में भी सभी से जुट जाने की सीएम योगी ने अपील की. उन्होंने कहा विश्व योग दिवस पर सभी लोग योग कार्यक्रमों से जुड़ें. निरोगी रहने के लिए योग की क्रिया से जुड़ना बहुत जरूरी है. भारत ने पूरी दुनिया में योग को स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाई है.
