उत्तर प्रदेश: योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुधवार को होने वाले पौधरोपण महाभियान-2025 को सफल बनाने के लिए तैयारी पूरी कर ली है. एक ही दिन में पूरे प्रदेश में 37 करोड़ पौधरोपण किया जाएगा. सभी 75 जनपदों में योगी सरकार के मंत्री पौधरोपण करेंगे.
सभी जनपदों में शासन स्तर के अधिकारियों को नोडल अफसर बनाया गया है, जो मंगलवार को सभी व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं. अभियान की सफलता के लिए वन विभाग के अलग-अलग अधिकारियों को विभिन्न विभागों/मंत्रालयों से समन्वय स्थापित कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अयोध्या और आजमगढ़ में पौधरोपण करेंगे. उनके साथ वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना, वन राज्यमंत्री केपी मलिक भी रहेंगे. राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बाराबंकी में पौधरोपण करेंगी. यहां प्रदेश सरकार की तरफ से राज्यमंत्री सतीश शर्मा रहेंगे. उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मेरठ और ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण करेंगे.
योगी सरकार के मंत्री सभी 75 जनपदों में रहेंगे. कैबिनेट, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व राज्यमंत्रिय़ों को पौधरोपण करने वाले जनपदों में बुधवार को पौधरोपण करना होगा. कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना शाहजहांपुर, सूर्यप्रताप शाही अयोध्या, स्वतंत्र देव सिंह गोरखपुर, बेबीरानी मौर्य अलीगढ़ में पौधे लगाएंगे.
वहीं चौधरी लक्ष्मी नारायण मथुरा, जयवीर सिंह मैनपुरी, धर्मपाल सिंह बरेली, नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’ प्रयागराज, अनिल राजभर आजमगढ़, राकेश सचान कानपुर देहात, एके शर्मा जौनपुर, योगेंद्र उपाध्याय आगरा, आशीष पटेल मीरजापुर, डॉ. संजय निषाद अंबेडकरनगर, ओमप्रकाश राजभर गाजीपुर, दारा सिंह चौहान देवरिया, सुनील कुमार शर्मा गाजियाबाद और अनिल कुमार बिजनौर में पौधरोपण करेंगे.
योगी सरकार ने पौधरोपण महाभियान की सफलता के लिए सभी 75 जनपदों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है. नोडल अफसर आवंटित जनपदों में मंगलवार सुबह ही पहुंचकर यहां की सभी तैयारियों का जायजा लेंगे.
प्रमुख सचिव नियुक्ति एम. देवराज प्रयागराज, पेयजल मिशन ग्रामीण के प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर वाराणसी, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद जौनपुर, चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग की सचिव डॉ. पिंकी जोवेल मीरजापुर, सिंचाई विभाग के सचिव जीएस नवीन आजमगढ़, खेल सचिव सुहास एलवाई गोरखपुर के नोडल अधिकारी बनाये गये हैं.
साथ ही स्कूल शिक्षा की महानिदेशक कंचन वर्मा गोंडा, प्रमुख सचिव सिंचाई व जल संसाधन अनिल गर्ग अयोध्या, सचिव बेसिक शिक्षा सारिका मोहन बाराबंकी, प्रमुख सचिव (चिकित्सा स्वास्थ्य) पार्थसारथी सेन शर्मा लखनऊ, आवास आयुक्त बलकार सिंह मेरठ, प्रमुख सचिव (नगर विकास) अमृत अभिजात गााजियाबाद, प्रमुख सचिव (पर्यटन-संस्कृति) मुकेश मेश्राम नोएडा के नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं. इसके अलावा भी अन्य जनपदों में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है.
