उत्तर प्रदेश मोदी सरकार के 11 साल; सीएम योगी बोले- विकसित और आत्मनिर्भर भारत का 25 साल के लिए रोडमैप तैयार
उत्तर प्रदेश

मोदी सरकार के 11 साल; सीएम योगी बोले- विकसित और आत्मनिर्भर भारत का 25 साल के लिए रोडमैप तैयार

उत्तर प्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 साल की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए उत्तर प्रदेश में एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संयुक्त रूप से किया.

प्रदर्शनी की थीम ‘मोदी सरकार के 11 साल: संकल्प से सिद्धि तक’ रखा गया है. इस मौके पर भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह 11 साल का कार्यकाल भारत के इतिहास में स्वर्णिम काल के रूप में याद किया जाएगा.

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वैश्विक पहचान दिलाई है. 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास को मजबूत किया है. आजादी के बाद 65 साल तक कांग्रेस और अन्य दलों की अस्थिर सरकारों ने जनता का भरोसा तोड़ा.

वैश्विक मंच पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाया लेकिन, मोदी ने भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण से मुक्त शासन के जरिए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार किया. उन्होंने अगले 25 साल के लिए विकसित और आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप तैयार किया. भारत ने सामाजिक, सांस्कृतिक, सुरक्षा, सुशासन और आर्थिक मोर्चों पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है.

योगी ने कहा कि पिछले 11 साल में भारत ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई. आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई. सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों ने भारत की सामरिक शक्ति को दुनिया के सामने स्थापित किया.

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान में टेस्टेड और दुनिया में ट्रस्टेड भारत की सैन्य ताकत आज वैश्विक स्तर पर सम्मान पा रही है. कोई भी देश हम पर युद्ध थोपेगा, तो उसका जवाब सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक ही होगा.

योगी ने कहा कि विकास अब केवल नारा नहीं, बल्कि भारत की विरासत बन चुका है. योजनाओं का लाभ अब पात्रता के आधार पर मिलता है, न कि चेहरा देखकर. पंच प्रण और 11 संकल्पों के जरिए विकसित भारत की नींव रखी गई है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि यह प्रदर्शनी सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी विकास की कहानी को दर्शाती है. प्रदर्शनी 9 जून से 9 जुलाई तक चलेगी और सभी जिलों में आयोजित होगी. ‘बदलता भारत-मेरा अनुभव’ थीम पर डिजिटल प्रतियोगिताएं भी होंगी.

Exit mobile version