गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 108 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण होगा. अन्नपूर्णा भवन के निर्माण के लिए खाद एवं रसद विभाग के विभागीय बजट से वित्तीय वर्ष 2025-26 में 9.13 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है. जिलाधिकारी द्वारा गाजियाबाद में अन्नपूर्णा भावनाओं के निर्माण के लिए ग्राम पंचायत को कार्यवाही संस्था नामित किया गया है. ग्राम पंचायत के खाते में 50 प्रतिशत धनराशि स्थानांतरित की गई है.
जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी के मुताबिक, ‘विभाग द्वारा 108 अन्नपूर्णा भवनों की डिमांड शासन को भेजी गई थी. जिसके सापेक्ष क्षेत्र अन्नपूर्णा भवन का बजट विभाग को प्राप्त हुआ है. प्रत्येक अन्नपूर्णा भवन के लिए 8.46 लाख का बजट प्राप्त हुआ है. 50 प्रतिशत बजट राशि प्राप्त हो चुकी है, जो ग्राम पंचायत को ट्रांसफर कर दी गई है. जिलाधिकारी द्वारा कार्यवाही संस्था के रूप में ग्राम पंचायत को चयनित किया गया है. 31 मार्च 2025 तक गाजियाबाद में सभी अन्नपूर्णा भवन का निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है.
गाजियाबाद में नए वित्तीय वर्ष से 108 अन्नपूर्णा भवनों की शुरुआत हो जाएगी. जिसका सीधा फायदा गाजियाबाद में राशन कार्ड धारकों को प्राप्त होगा. मौजूदा समय में कोटेदार अपने स्थान पर या फिर किसी स्थान को किराए पर लेकर राशन की दुकान संचालित करते हैं. लेकिन अन्नपूर्णा भवन की शुरुआत होने के बाद तमाम राशन की दुकान इन भवनों में शिफ्ट की जाएगी. यानी सार्वजनिक स्थान पर राशन की दुकान का संचालन होगा. प्रत्येक अन्नपूर्णा भवन 484 स्क्वायर फीट में होंगे, जिसमें दो कक्ष होंगे. एक कक्ष में राशन की दुकान संचालित होगी. जबकि, दूसरे कक्ष में CSC सेंटर का संचालन होगा.

अन्नपूर्णा भवन में खुलने वाले सीएससी सेंटर में कई तरह की सुविधा लोगों को उपलब्ध कराई जाएगी. अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण होने से राशन कार्ड धारकों को राशन लेने के लिए कोटेदार के घर जाने की यह आवश्यकता नहीं पड़ेगी. राशन कार्ड धारक अन्नपूर्णा भवन से राशन ले सकेंगे. देखा जाता है कि कई कोटेदार अपने घरों से ही राशन वितरित करते हैं. जबकि, कई कोटेदारों द्वारा किराए पर दुकान या घर लेकर राशन वितरित किया जाता है.
बता दें कि गाजियाबाद में कुल 4.48 लाख राशन कार्ड धारक हैं. जबकि लाभार्थियों की संख्या 19 लाख 64 हजार 904 है. माना जा रहा है कि अन्नपूर्णा भवन की शुरुआत होने से राशन वितरण प्रणाली में और पारदर्शिता आएगी जिसका सीधा फायदा राशन कार्ड धारकों को होगा.