उत्तर प्रदेश गाजियाबाद में 10 हज़ार घरेलू PNG कनेक्शन चालू नहीं, स्कूल-कॉलेजों को प्राथमिकता पर गैस सिलेंडर देने का निर्देश
उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद में 10 हज़ार घरेलू PNG कनेक्शन चालू नहीं, स्कूल-कॉलेजों को प्राथमिकता पर गैस सिलेंडर देने का निर्देश

गाजियाबाद: राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत छापेमारी के दौरान जिला प्रशासन द्वारा 35 घरेलू सिलेंडर जप्त किए गए हैं. साथ ही अवैध रिफिलिंग और घरेलू गैस की कालाबाजारी करने वाले लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है. जिले में अब तक इस संबंध में तीन एफआईआर दर्ज की गई है. छापेमारी करने के लिए तहसील स्तर पर टीमों का गठन किया गया है.

जिला प्रशासन द्वारा शहरवासियों से भी अपील की गई है कि घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की सूचना जिला पूर्ति विभाग को दें. दरअसल, गैस सिलेंडर की आपूर्ति न होने के चलते जिले के कई सरकारी स्कूलों में मिड डे मील तैयार करने में मुश्किल हो रही है. ऐसे में जिला पूर्ति विभाग द्वारा सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे तमाम स्कूल जहां पर मिड डे मील का खाना तैयार होता है या मेस का संचालन होता है. प्राथमिकता के आधार पर उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए.

डीएसओ अमित तिवारी के मुताबिक़, जिला पूर्ति विभाग को निरंतर शिकायत प्राप्त हो रही कि शासकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मिड डे मील योजना के अंतर्गत जारी किए गए गैस कनेक्शन पर कुकिंग गैस वितरकों द्वारा गैस की आपूर्ति नहीं की जा रही है. सभी गैस एजेंसियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि मिड डे मील प्रभावित न हों.

जिला पूर्ति विभाग के मुताबिक, मौजूदा समय में जनपद गाजियाबाद में दस हजार ऐसे पीएनजी के कनेक्शन मौजूद हैं जो चालू नहीं है. ऐसे में विभाग तमाम उपभोक्ताओं से अपने पीएनजी कनेक्शन को जल्दी चालू करने की अपील की है. फिलहाल गाजियाबाद में 3 लाख 50 हजार घरेलू पीएनजी कनेक्शन चालू हैं.

डीएसओ अमित तिवारी का कहना है कि मौजूदा समय में जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य है. अब बुकिंग में भी किसी प्रकार की कोई बाधा उत्पन्न नहीं हो रही है. जिले में सभी गैस एजेंटीयों के पास मौजूदा समय में 35000 से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल का स्टॉक मौजूद है. गैस एजेंसियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि दो सिलेंडर की बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया है ताकि लोग बुकिंग न होने पर परेशान ना हों.

Exit mobile version