देश: एक तरफ देशभर में केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने आज भारत बंद बुलाया है, वहीं बिहार में इंडिया गठबंधन ने भी चक्का जाम किया है. ट्रेड यूनियंस 25 करोड़ श्रमिकों को लेकर भारत बंद की कमान संभाले हुए हैं. बिहार में महागठबंधन के चक्का जाम का बड़ा असर दिख रहा है. बिहार की राजधानी पटना को जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु को पूरी तरीके से बंद कर दिया गया है. यहां सड़क के दोनों और गाड़ियों की लंबी-लंबी लाइन लगी है. जिनके ट्रेन एवं प्लेन का टिकट है वे लोग अपने कंधे पर सामान लिए कई किलोमीटर पैदल ही जाने को मजबूर हैं.
राजद नेता तेजस्वी यादव, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, भाकपा महासचिव डी राजा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम राज्य विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ महागठबंधन द्वारा बुलाए गए ‘बिहार बंद’ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए.
‘बिहार बंद’ पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “… चुनाव आयोग एक राजनीतिक दल का अंग बन गया है… क्या गुजरात के दो लोग तय करेंगे कि कौन बिहारी मतदाता वोट दे सकता है और कौन नहीं?” उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग अपनी विश्वसनीयता खो चुका है. मतदाता सूची से ग़रीब लोगों के नाम हटाने की बड़े पैमाने पर तैयारी चल रही है। पहले उनके नाम हटाए जा रहे हैं, फिर उनकी पेंशन और राशन भी छीन लिया जाएगा.
#WATCH बिहार | राजद की छात्र शाखा के सदस्यों ने 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और उनके सहयोगियों के संयुक्त मंच द्वारा आहूत 'भारत बंद' का समर्थन करते हुए जहानाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर प्रदर्शन किया। pic.twitter.com/KbEEKvYaVQ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 9, 2025
बिहार में चल रहे मतदाता गहन पुनरीक्षण पर रोक लगाने की मांग करते हुए इंडिया गठबंधन के बिहार बंद के कारण पटना में सड़क जाम और पटना से सटे दानापुर में में सड़क पर आगजनी कर प्रदर्शन किया गया है. प्रदर्शनकारियों ने कहा वोटर लिस्ट मामले में जो पहले से था, वही रहना चाहिए, इसमें सरकार थोड़ी भी छेड़छाड़ न करे.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में सचिवालय हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया.
बिहार में सुबह 6 बजे से ही सड़क पर उतरे बंद समर्थक, जगह-जगह चक्का जाम
- दरभंगा स्टेशन पर नमो भारत ट्रेन को बंद समर्थकों ने रोका
- बिहार की राजधानी पटना को जोड़ने वाली लाइफ लाइन कही जाने वाली महात्मा गाँधी सेतु पूरी तरीके से बंद कर दिया गया है.
- भोजपुर जिले के बिहिया स्टेशन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस और विभूति ट्रेन को रोका गया.
- जहानाबाद – बंद समर्थकों ने काको मोड़ को जाम कर दिया, राजद, माले और कांग्रेस कार्यकर्ता जगह-जगह बंद करवा रहे हैं.
