दिल्‍ली-एनसीआर रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद ने वरदान मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल को दो अत्याधुनिक वेंटिलेटर एवं ऑटोक्लेव मशीन भेंट की
दिल्‍ली-एनसीआर

रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद ने वरदान मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल को दो अत्याधुनिक वेंटिलेटर एवं ऑटोक्लेव मशीन भेंट की

सुशील कुमार शर्मा

गाजियाबाद: समाज के जरूरतमंद एवं गंभीर रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद ने रोटरी साहिबाबाद चैरिटेबल ट्रस्ट एवं रोटरी अशोका चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से वरदान मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, गाजियाबाद को दो अत्याधुनिक वेंटिलेटर तथा एक ऑटोक्लेव मशीन (सभी आवश्यक एक्सेसरीज़ सहित) समर्पित की. इस जनहितकारी परियोजना का भव्य उद्घाटन समारोह 31 जुलाई 2026 को आयोजित किया गया.

इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा परियोजना को साकार करने में इएमयू लाइन्स प्रा. लि., रोटेरियन अरुण अग्रवाल, अमित मित्तल, रोटेरियन पंकज गुप्ता, रोटेरियन मनोज अग्रवाल, गर्ग एसोसिएटस लिमिटेड एवं रोटेरियन अश्वनी कुमार का उल्लेखनीय आर्थिक एवं नैतिक सहयोग रहा. रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद ने सभी सहयोगियों एवं दानदाताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया.

समारोह के मुख्य अतिथि रोटेरियन अमिता मोहिंद्रू (पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर –आईपीडीजी,आरआईडी-3012) एवं रोटेरियन अमित गुप्ता (डिस्ट्रिक्ट गवर्नर,आरआईडी-3012) ने संयुक्त रूप से परियोजना का उद्घाटन किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा उपकरण किसी भी अस्पताल की जीवनरक्षक क्षमता को बढ़ाते हैं. इन वेंटिलेटरों एवं ऑटोक्लेव मशीन के माध्यम से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा तथा संक्रमण नियंत्रण एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती प्राप्त होगी. उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि क्लब समाज में “सर्विस एबोव सेल्फ” की भावना को वास्तविक रूप में चरितार्थ कर रहा है.

रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद के अध्यक्ष रोटेरियन अश्वनी कुमार ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल उपकरण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सहभागी बनना है. उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े बड़े एवं स्थायी सेवा प्रकल्पों का संचालन करता रहेगा.

वरदान मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के प्रबंधन एवं चिकित्सकों ने रोटरी परिवार तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन अत्याधुनिक उपकरणों से अस्पताल की आपातकालीन एवं गंभीर चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और हजारों मरीजों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा.

इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद के पदाधिकारी एवं सदस्य, रोटरी परिवार के वरिष्ठजन, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, दानदाता तथा वर्धन मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के चिकित्सक, चिकित्साकर्मी एवं प्रबंधन टीम बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का सम्मान किया गया तथा रोटरी क्लब ऑफ साहिबाबाद ने समाज सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी प्रकल्पों को निरंतर जारी रखने का विश्वास व्यक्त किया.

Exit mobile version