दिल्‍ली-एनसीआर दिल्ली नगर निगम की समितियों के चुनाव का दूसरा चरण आज, नौ नई समितियों का गठन संभावित
दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली नगर निगम की समितियों के चुनाव का दूसरा चरण आज, नौ नई समितियों का गठन संभावित

दिल्ली: गुरूवार को दिल्ली नगर निगम की नौ नई समितियों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. चुनाव सुबह 11 बजे से शुरू होंगे. यह प्रक्रिया नगर निगम के संगठनात्मक ढांचे को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

गौरतलब है कि दिसंबर 2022 में दिल्ली नगर निगम चुनाव हुए थे, लेकिन ढाई साल बीत जाने के बावजूद समितियों का गठन नहीं हो पाया था. नगर निगम के सुचारू संचालन और योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए समितियों की भूमिका अहम होती है.

पहले चरण में 6 अगस्त को 12 समितियों के चुनाव कराए गए थे, लेकिन तकनीकी और प्रशासनिक कारणों के चलते केवल 11 समितियों का गठन हो पाया था। एक समिति – ‘खेल और खुद’ समिति का चुनाव स्थगित कर दिया गया था.

आज के दूसरे चरण में नौ महत्वपूर्ण समितियों के चुनाव कराए जाएंगे. इनमें लाभकारी समिति, मलेरिया समिति, महिला कल्याण समिति, लाइसेंसिंग समिति, समुदाय सेवा समिति, शिकायत निवारण समिति, अनुसूचित जाति समिति, शिक्षा समिति और ग्रामीण समिति शामिल हैं.

पहले चरण में भारतीय जनता पार्टी ने अधिकांश समितियों में अपनी पकड़ मजबूत रखी, जबकि आम आदमी पार्टी को सीमित सफलता मिली. वहीं, दिल्ली नगर निगम की राजनीति में एक नया मोड़ उस वक्त आया जब हाल ही में बनी इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी ने भी एक सीट जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई.

स्थानीय समिति के चुनाव पहले ही हो चुके हैं, जिसमें भाजपा ने जीत हासिल की थी. ऐसे में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि दूसरे चरण में भी भाजपा की मजबूत स्थिति बरकरार रह सकती है.

नगर निगम की समितियों का गठन न केवल निगम के कार्यों की गति को बढ़ाएगा, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान में भी तेजी लाएगा. राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो आने वाले समय में यह समितियां राजधानी के विकास और प्रशासनिक पारदर्शिता में अहम भूमिका निभाएंगी.

Exit mobile version