ग्रेटर नोएडा: बीटा 2 थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, हादसे में 6 बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर बच्चों की चीख पुकार मच गई. लोगों द्वारा घटना की जानकारी संबंधित थाना पुलिस को दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी बच्चों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया, वहीं इस हादसे में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई है, सभी खतरे के बाहर है. प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को उनके घर भेज दिया गया.
VIDEO | Uttar Pradesh: School van crashes into a tree in Greater Noida's Beta 2 area; several children injured.
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/pwwMd4uvDh
— Press Trust of India (@PTI_News) April 20, 2026
डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि उक्त प्रकरण में सूचना प्राप्त होते ही तत्काल स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चों को त्वरित उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल भेजा गया. जानकारी के अनुसार थाना बीटा-2 क्षेत्रांतर्गत एक वैन स्कूली बच्चों को लेकर जा रही थी. अचानक मोड़ पर सामने से बाइक आने के कारण बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वैन ग्रीन बेल्ट के पेड़ से टकरा गई. वैन में 6 बच्चे मौजूद थे, जिन्हें मामूली चोटें आईं. सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार करा दिया गया है. मौके से क्षतिग्रस्त वाहन को हटा दिया गया है . यातायात सामान्य रूप से संचालित है. अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है.
स्कूल वैन के हादसे के संबंध में डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि वैन की रफ्तार प्रथम दृष्टया तेज होने के चलते अचानक बाइक आने पर चालक वैन से नियंत्रण खो बैठा, इसके बाद यह हादसा हुआ. हादसे में किसी बच्चे को किसी प्रकार की कोई गंभीर चोट नहीं आई. अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है.
