दिल्ली: गुरुवार को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लोगों को स्वास्थ्य कार्ड देगी. इसके साथ ही लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने का रजिस्ट्रेशन भी आज शुरू हो जाएगा. रजिस्ट्रेशन की शुरुआत होने से दिल्ली के लोग आयुष्मान कार्ड बनवाकर इस योजना का लाभ लेना शुरू कर देंगे. इसके आलावा, केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के बीच प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-एभीम) योजना के तहत भी एक एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे.
विज्ञान भवन में शुक्रवार दोपहर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मौजूद रहेगी. दिल्ली को पीएम एभीम योजना से जोड़ने के लिए यह एमओयू होगा. इस एमओयू के बाद दिल्ली को केंद्र सरकार की ओर से हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार के लिए 2400 करोड़ रुपए की अतिरिक्त मदद मिलेगी.
5 अप्रैल को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण और दिल्ली सरकार के बीच आयुष्मान भारत योजना लागू करने के लिए हुए एमओयू के दौरान जेपी नड्डा ने घोषणा की थी कि10 अप्रैल को एक और एमओयू करके दिल्ली को 2400 करोड़ रुपए की और मदद देंगे. दिल्ली में 5 अप्रैल से आयुष्मान भारत योजना लागू हो चुकी है. लेकिन, आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत आज से होगी. इस योजना से दिल्ली के लोगों को 10 लाख रुपए का कैशलेस इलाज प्राइवेट अस्पताल में मिलना शुरू हो जाएगा. इसमें पांच लाख केंद्र सरकार और पांच लाख दिल्ली सरकार का अनुदान होगा.
दिल्ली में आयुष्मान भारत प्रभानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू होने से छह लाख 54 हजार लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा. 1961 तरह की बीमारियों का इसमें इलाज हो सकेगा. साथ ही देश भर के 30 हजार से ज्यादा अस्पताल आयुष्मान भारत योजना से जोड़े गए हैं. दो लाख 35 हजार परिवारों को इस योजना में अभी शामिल किया जाएगा. दिल्ली के 6.54 लाख गरीब परिवारों के करीब 30 लाख सदस्यों, 70 वर्ष से अधिक उम्र के करीब छह लाख बुजुर्गों, आशा वर्कर, अंत्योदय अन्न योजना, आगंनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इसका लाभ मिलेगा.
जानिए कैसे बनेगा आयुष्मान कार्ड:
- आवेदक पीएम-जय pmjay.gov.in वेबसाइट या मोबाइल एप्लीकेशन पर अपनी पात्रता की जांच कर सकते हैं.
- आभा पंजीकरण बटन पर क्लिक करें.
- पात्र लोगों को अपनी पहचान सत्यापित करने के लिए अपनी जानकारी और दस्तावेज (आधार, पैन, वोटर आईडी) जमा करने होंगे.
- आपके आवेदन की समीक्षा और स्वीकृति हो जाने के बाद, आवेदकों को उनका आयुष्मान कार्ड मिल जाएगा.
- ऑफलाइन आवेदन करने के लिए अपने निकटतम सीएससी पर जाएं.
- सीएससी ऑपरेटर आपको आवेदन पत्र भरने के लिए आपके दस्तावेजों को सत्यापित करेगा और आवेदन जमा करेगा.
