दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं. यूपी दौरे के दौरान पीएम संभल में कल्कि धाम मंदिर का शिलान्यास किया और मंदिर के मॉडल का अनावरण किया. साथ ही साथ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज यूपी की धरती से भक्ति भाव और आध्यात्म की एक और धारा प्रवाहित होने को लालायित है. अभी आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि 18 साल बाद ये मौका आया है. वैसे भी कई अच्छे काम हैं जो कुछ लोग मेरे लिए ही छोड़ गए हैं. आज का दिन बहुत प्रेरणादायक हो जाता है. ये प्रेरणा हमें छत्रपति शिवाजी महाराज से ही मिलती है.
पीएम ने कहा कि पिछले दिनों प्रमोद कृष्णम जब निमंत्रण देने आए थे उसके आधार पर कह रहा हूं, आज जितना आनंद उन्हें हो रहा है, उससे ज्यादा सुख उनकी मां की आत्मा को मिल रहा होगा. मां के वचन के लिए बेटा कैसे जीवन खपा सकते हैं, ये प्रमोद जी ने बता दिया है.
पीएम मोदी कांग्रेस से निष्कासित नेता और कल्कि पीठाधीश्वर प्रमोद कृष्णम के न्योते पर संभल पहुंचे. कल्कि धाम में आज कई संत, धर्मगुरु और अन्य जाने-माने लोग शामिल हुए हैं. वहीं, उज्जैन के बाबा महाकाल मंदिर से जुड़े महात्मा वैदिक मंत्र के बीच पूजन का कार्यक्रम संपन्न कराया है. उन्होंने कहा कि यहां 10 गर्भ गृह होंगे, भगवान के दसों रूपों को रखा जाएगा. इश्वरीय अवतार को अलग-अलग तरह से प्रस्तुत किया गया है. ये इश्वर की कृपा है कि भगवान ने मुझे इस काम का माध्यम बनाया है.
उत्तर प्रदेश के संभल में कल्कि धाम देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है. इसका निर्माण कल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है, जिसके अध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्णम हैं. पीएम के कार्यक्रम को लेकर कल्कि पीठाधीश्वर प्रमोद कृष्णम भी काफी उत्साहित दिखाई दिए. प्रधानमंत्री के दौरे से पहले उन्होंने कहा कि पीएम मोदी सबके हैं.
