दिल्‍ली-एनसीआर पीएम मोदी ने पुरी के जगन्नाथ मंदिर में की पूजा, संबित पात्रा के समर्थन में किया रोड शो
दिल्‍ली-एनसीआर

पीएम मोदी ने पुरी के जगन्नाथ मंदिर में की पूजा, संबित पात्रा के समर्थन में किया रोड शो

दिल्‍ली: लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जमकर पसीना बहा रहे हैं. उन्होंने सोमवार सुबह भगवान जगन्नाथ की नगरी पुरी में एक रोड शो किया. पुरी से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार संबित पात्रा भी रोड शो के दौरान उनके साथ दिखाई दिए. संबित पात्रा 2019 में बीजेडी के पिनाकी मिश्रा से चुनाव हार गए थे. इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस के जया नारायण पटनायक और बीजेडी के अरूप पटनायक से है.

रोड शो के दौरान पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए सड़क के दोनों ओर हजारों लोग कतार में खड़े थे और मोदी के पोस्टर और पार्टी का झंडा लहरा रहे थे. रोड शो के बाद पीएम मोदी सीधे भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने पहुंचे. यहां उन्होंने जगन्नाथ मंदिर में पूजा अर्चना की. पीएम ने ट्वीट कर कहा, पुरी में महाप्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना की. उनका आशीर्वाद सदैव हम पर बना रहे और हमें प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएं.

प्रधानमंत्री सोमवार को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के एक दिवसीय दौरे पर हैं. पीएम ओडिशा के ढेंकनाल, कटक और पश्चिम बंगाल के तमलुक और झाड़ग्राम में दो रैलियां करेंगे. इससे पहले पीएम मोदी ने मतदाताओं से लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए रिकॉर्ड संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की. साथ ही साथ महिलाओं और युवा मतदाताओं से लोकतंत्र के त्योहार में सक्रिय रूप से भाग लेने की विशेष अपील की.

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में 6 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में वोटिंग हो रही है. 49 लोकसभा सीटों पर मतदान कराया जा रहा है. इस बीच प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा और व्यवस्था की है. मतदान सोमवार सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे संपन्न होगा. लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून तक सात चरणों में हो रहे हैं. मतगणना 4 जून को होनी है. नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है, जबकि विपक्षी इंडिया गठबंधन पीएम मोदी के जीत के रथ को रोकने के लिए भरसक प्रयास कर रहा है.

Exit mobile version