दिल्‍ली-एनसीआर पीएम मोदी और जेपी नड्डा चुनेंगे उपराष्ट्रपति पद के लिए कैंडिडेट, NDA की बैठक में फैसला
दिल्‍ली-एनसीआर

पीएम मोदी और जेपी नड्डा चुनेंगे उपराष्ट्रपति पद के लिए कैंडिडेट, NDA की बैठक में फैसला

दिल्ली: संसद परिसर में गुरुवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के सेलेक्शन को लेकर चर्चा हुई. बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का चयन करने का अधिकार दिया जाएगा.

सूत्रों की मानें तो बीजेपी चाहती है कि उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार कोई ऐसा व्यक्ति हो जो संगठन से जुड़ा हो. संसद भवन के अंदर NDA के सभी सहयोगी दलों की बैठक हुई को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यह निर्णय एनडीए संसदीय दल की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया है कि उम्मीदवार का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मिलकर करेंगे.

उन्होंने बताया कि बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेडीयू नेता ललन सिंह, शिवसेना के श्रीकांत शिंदे, तेलुगू देशम पार्टी के लवू श्रीकृष्ण देवरायलु और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिराग पासवान जैसे प्रमुख नेता शामिल हुए.

बता दें कि यह बैठक मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य कारणों से हाल ही में उनके पद से इस्तीफा देने के बाद हुई है. उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 7 अगस्त से शुरू हो चुकी है. 9 सितंबर 2025 को होने वाले चुनाव के लिए एनडीए के पास निर्वाचक मंडल में बहुमत है. इससे गठबंधन के उम्मीदवार की जीत की संभावना जताई जा रही है.

हालांकि, बैठक में उम्मीदवार के नाम पर अंतिम निर्णय की घोषणा नहीं की गई. सूत्रों के अनुसार, एनडीए के भीतर यह चर्चा है कि अगला उपराष्ट्रपति बीजेपी से ही हो सकता है और यह उम्मीदवार पार्टी की विचारधारा से गहराई से जुड़ा हुआ होगा. यह बैठक न केवल उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए बल्कि गठबंधन की एकजुटता और रणनीति को मजबूत करने के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

एनडीए की इस रणनीति पर विपक्ष की नजरें भी टिकी हुई हैं, जो इस मुद्दे पर अपनी रणनीति तैयार कर रहा है. सूत्रों के मुताबिक तो विपक्ष इस बात का इंतजार कर रहा है कि NDA का उम्मीदवार कौन होगा. उसके बाद ही वे ये तय करेंगे की उपराष्ट्रपति चुनाव में इंडिया गठबंधन अपने उम्मीदवार उतारेगा या नहीं.

फिलहाल इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन की भी बैठक डिनर पर बुलाई गई है, जिसमें ये उम्मीद जताई जा रही की इस मुद्दे पर और सदन की रणनीति पर भी चर्चा होगी.

Exit mobile version