दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को 71 प्रमुख हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया. इस साल 25 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कुल 139 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को देश के नागरिक पुरस्कारों- पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के लिए नामित किया गया था. इनमें से 71 को सोमवार को राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में यह पुरस्कार प्रदान किये गये. शेष को शीघ्र ही एक अलग समारोह में यह सम्मान दिये जाएंगे.
एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और एआईजी हॉस्पिटल्स के अध्यक्ष डी. नागेश्वर रेड्डी, वरिष्ठ अभिनेता एवं निर्देशक शेखर कपूर, वायलिन वादक लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम और तेलुगु सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण सहित कई प्रमुख हस्तियों में शामिल हैं, जिन्हें राष्ट्रपति द्वारा पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए. इस मौक उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व अन्य उपस्थित रहे.
Attended the Civil Investiture Ceremony-I where the Padma Awards were presented. Outstanding individuals from all walks of life were honoured for their service and achievements. pic.twitter.com/cEPbqhu4dg
— Narendra Modi (@narendramodi) April 28, 2025
पुरस्कार पाने वालों में चार को पद्म विभूषण मिला. सुजुकी (मरणोपरांत), सुब्रमण्यम, रेड्डी और मलयालम लेखक एवं फिल्म निर्देशक एम.टी. वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) शामिल हैं. कुल 10 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया.
पद्म भूषण पुरस्कार पाने वालों में केरल से पीआर श्रीजेश (खेल), गुजरात से पंकज पटेल (व्यापार और उद्योग), महाराष्ट्र से पंकज उधास (मरणोपरांत) (कला), उत्तर प्रदेश से राम बहादुर राय (साहित्य और शिक्षा-पत्रकारिता), उत्तर प्रदेश से साध्वी ऋतंभरा (सामाजिक कार्य), तमिलनाडु से एस अजित कुमार (कला), महाराष्ट्र से शेखर कपूर (कला), तमिलनाडु से शोभना चंद्रकुमार (कला), बिहार से सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत) (सार्वजनिक मामले) और संयुक्त राज्य अमेरिका से विनोद धाम (विज्ञान और इंजीनियरिंग) शामिल हैं.
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत) को सार्वजनिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया. सुशील कुमार मोदी की पत्नी जेसी सुशील मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार प्राप्त किया. सुशील मोदी का सात महीने तक कैंसर से जूझने के बाद 13 मई, 2024 को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया. वह 72 वर्ष के थे. अपने तीन दशक के राजनीतिक जीवन में मोदी ने बिहार के राजनीतिक माहौल को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वे विधायक, एमएलसी और लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहे. 2005 से 2013 तक और फिर 2017 से 2020 तक बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया.
सुजुकी मोटर के पूर्व सीईओ ओसामु सुजुकी को व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया. उनके बेटे और सुजुकी मोटर के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार प्राप्त किया. सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के पूर्व अध्यक्ष और सीईओ ओसामु सुजुकी का 25 दिसंबर, 2024 को 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया.
सुजुकी ने 1978 से 2021 में 91 वर्ष की आयु में पद छोड़ने तक कंपनी के अध्यक्ष, चेयरमैन और सीईओ के रूप में काम किया. भारत सहित उभरते बाजारों के लिए कॉम्पैक्ट और किफायती वाहनों पर उनके रणनीतिक फोकस ने कंपनी को अलग पहचान दिलाई. 30 जनवरी, 1930 को मध्य जापान के गिफू प्रान्त में जन्मे ओसामु सुजुकी 1958 में इसके संस्थापक परिवार में शादी करने के बाद ऑटोमेकर में शामिल हो गए.
