नोएडा: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार और पुलिस प्रशासन का कड़ा रुख लगातार जारी है. इसी कड़ी में गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत पुलिस ने प्रभावी पैरवी करते हुए हजारों अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया है. यह जानकारी गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के ज्वाइंट सीपी लॉ एण्ड ऑर्डर राजीव नारायण मिश्रा ने दी.
गौतमबुद्ध नगर पुलिस के ज्वाइंट सीपी लॉ एण्ड ऑडर राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) के निर्देशानुसार जिले में ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ जोर-शोर से चलाया जा रहा है और 1 जनवरी 2023 से अब तक 5,080 से अधिक अपराधियों को सजा दिलाई गई है, जबकि 117 अपराधियों को न्यायालय द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाई गई है. इन सजायाफ्ता अपराधियों में कई जघन्य अपराधों के आरोपी हत्या, अपहरण के मामले, पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मासूमों के खिलाफ अपराध अलवा महिला संबंधी अपराधों में शामिल थे.
ऑपरेशन कनविक्शन’ के तहत जघन्य अपराधों में शामिल 5080 अपराधियों को सजा दिलाई है. इनमें पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म, दहेज हत्या, अपहरण, लूट, डकैती जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं. पुलिस ने 1.1.2023 से 3.4.2026 तक कुल 4549 मुकदमे में प्रभावी पैरवी की. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से संबंधित 104 मुकदमे, दुष्कर्म से संबंधित 16 मुकदमे, दहेज हत्या से संबंधित 4 मुकदमे में सजा दिलाई है.
हत्या से संबंधित 62 मुकदमे , डकैती से संबंधित 15 मुकदमे, लूट से संबंधित 323 मुकदमे में भी सजा हुई है. पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर की इस पहल से 117 अपराधियों को आजीवन कारावास, 32 को 20 साल और 37 को 10 साल की सजा हुई.
ज्वाइंट सीपी लॉ एण्ड ऑर्डर राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि पुलिस की विशेष इकाइयों ने कोर्ट में ठोस सबूत पेश किए और प्रभावी पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप इतनी बड़ी संख्या में अपराधियों को सजा दिलाई जा सकी. पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर के अनुसार यह सफलता पुलिस कर्मियों के अथक प्रयासों और समयबद्ध जांच का परिणाम है. इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य समाज में यह संदेश देना है कि कोई भी अपराधी कानून की पकड़ से बच नहीं पाएगा.
