दिल्‍ली-एनसीआर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-2 और 3 में बदली जाएगी पेयजल पाइपलाइन, हजारों परिवारों को मिलेगी राहत
दिल्‍ली-एनसीआर

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-2 और 3 में बदली जाएगी पेयजल पाइपलाइन, हजारों परिवारों को मिलेगी राहत

ग्रेटर नोएडा: सेक्टर-2 और सेक्टर-3 के निवासियों को जल्द ही पेयजल संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इन दोनों सेक्टरों की पुरानी और जर्जर हो चुकी आंतरिक पेयजल पाइपलाइन को बदलने की तैयारी शुरू कर दी है. जल विभाग द्वारा सर्वेक्षण का कार्य शुरू कर दिया गया है और इसके आधार पर परियोजना की लागत का आकलन किया जा रहा है. जल्द ही इस कार्य के लिए निविदा जारी की जाएगी.

दरअसल, सेक्टर-2 और सेक्टर-3 में पिछले काफी समय से पेयजल पाइपलाइन में लीकेज, पाइप फटने और पानी की आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं. कई स्थानों पर पुरानी पाइपलाइन खराब होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इन समस्याओं को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए प्राधिकरण ने पूरी आंतरिक पाइपलाइन बदलने की योजना तैयार की है.

जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में गंगाजल आपूर्ति नेटवर्क के विस्तार का कार्य भी तेजी से चल रहा है. नई पाइपलाइन बिछने के बाद इस नेटवर्क को और बेहतर तरीके से जोड़ा जा सकेगा, जिससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता और व्यवस्था में सुधार होगा.

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अगले दो से तीन माह के भीतर पाइपलाइन बदलने का कार्य शुरू होने की संभावना है. इस योजना से सेक्टर-2 और सेक्टर-3 में रहने वाले करीब तीन से चार हजार परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें बार-बार होने वाली पानी की समस्या से निजात मिलेगी.

इसके अलावा, ग्रेटर नोएडा ईस्ट के सबसे पुराने नौ आवासीय सेक्टरों में भी पुरानी पेयजल पाइपलाइन बदलने की तैयारी की जा रही है. इससे शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी. प्राधिकरण की इस पहल को क्षेत्र के निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में स्वच्छ और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य पूरा हो सकेगा.

Exit mobile version