नोएडा: बदमाशों के हौसले गौतम बुध नगर जनपद में किस हद तक बुलंद है, उसकी बानगी आज ग्रेटर नोएडा में देखने को मिली, जहां दिनदहाड़े घर के बाहर युवक की गोली मारकर घायल कर दी गई. जिसके बाद से इलाके में दहशत फैल गई.
दरअसल, ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक फर्स्ट के में स्थित ग्राम लुक्सर में सनसनी फैल गई, जब गांव का इलाका गोली से गूंजने लगा. इस गोलीबारी में नितिन गम्भीर रुप से घायल हो गया, उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
वारदात की सूचना मिलते ही थाना ईकोटेक फर्स्ट पुलिस टीम के साथ एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
घटना स्थल का मुआयना करने के बाद एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि नितिन की गांव के कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी. पुरानी रंजिश के चलते सचिन और उसके साथियों ने नितिन को निशाना बनाया और उन पर फायरिंग कर दी. हमले में नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी जारी है. गांव में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
