दिल्‍ली-एनसीआर नोएडा के लेबर कैंप में गैस लीकेज से लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा के लेबर कैंप में गैस लीकेज से लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

नोएडा: सेक्टर-126 स्थित रायपुर गांव के एक लेबर कैंप में मंगलवार को गैस रिसाव के कारण भीषण आग लग गई. ग्राउंड प्लस वन (G+1) इमारत में लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती सूचना में कई मजदूरों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई थी. हालांकि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया.

सेक्टर-126 के रायपुर गांव स्थित लेबर कैंप में लगी आग से पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया था. आग जिस इमारत में लगी थी वहां 50 से 60 मजदूर रहते हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने पांच फायर टेंडरों को मौके पर लगाया. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसके बाद कूलिंग ऑपरेशन भी शुरू किया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे.

घटना के शुरुआती चरण में कई मजदूरों के इमारत में फंसे होने की सूचना सामने आई थी, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि आग फैलने से पहले ही सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए थे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और संयुक्त अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. उन्होंने कहा कि हादसे में किसी के घायल होने या फंसे होने की खबर नहीं है.

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह गैस रिसाव (गैस लीकेज) सामने आई है. हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है.

Exit mobile version