नोएडा: ग्रेटर नोएडा सेंट्रल के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली ‘ILGIM कंपनी’ में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. राहत और बचाव कार्य के दौरान कंपनी की साइड की दीवार और लोहे का एक भारी-भरकम बीम अचानक नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 5 फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दो जाबांज फायरमैन को मृत घोषित कर दिया. यह जानकारी CFO प्रदीप कुमार चौबे ने दी है.
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 इलाके में स्थित ILGIM कंपनी, जहां इलेक्ट्रॉनिक चिप्स का निर्माण होता है. वहां 3 और 4 अगस्त की दरमियानी रात अचानक आग की लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया.
🚨2 FIREFIGHTERS KILLED IN GREATER NOIDA FACTORY FIRE
Fire at an electronic chip factory in Greater Noida turned deadly after a wall and beam collapsed on a fire engine during the rescue operation, killing two firefighters and injuring three others pic.twitter.com/F9oQUOghEC
— The Tatva (@thetatvaindia) August 4, 2026
फायर ब्रिगेड की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन आग बुझाने के दौरान ही कंपनी की एक तरफ की दीवार और छत का लोहे का बीम अचानक भरभराकर दमकलकर्मियों पर गिर गया. इसकी चपेट में आने से 5 फायर सर्विस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटनास्थल पर मौजूद साथी कर्मचारियों और पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों की टीम ने मुस्तैदी से इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
वहीं, इस हादसे में घायल अन्य तीन कर्मियों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार का इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत अब खतरे से बाहर है. फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस के आला अधिकारी और SDRF की टीम मौजूद है, मलबे की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
ग्रेटर नोएडा में दो फायर कर्मियों की मौत पर डीसीपी सेंट्रल शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बीती रात थाना इको टेक 3 के अधिकार क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली एक कंपनी में आग लग गई. आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर टेंडर की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. आग बुझाने के दौरान कंपनी की तरफ की एक दीवार और लोहे का बीम बाहर की तरफ गिर गया, जिससे फायर सर्विस के कर्मचारी हेड कांस्टेबल राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल तीरथ पाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और हेड कांस्टेबल तीरथ पाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बाकी 3 कर्मचारी खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज चल रहा है.
