दिल्ली: नवगठित सरकार में नियुक्त मंत्रियों के कामकाज में सहायता के लिए आधे दर्जन से अधिक दानिक्स अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है. अभी तक यह दानिक्स अधिकारी दिल्ली के अलग-अलग विभागों में तैनात थे. अब यह नई सरकार में बने मंत्रियों के सचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे.
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के सचिव दानिक्स अधिकारी राजीव शुक्ला होंगे. वहीं मंत्री आशीष सूद के साथ अनूप ठाकुर सचिव की भूमिका में काम करेंगे. इससे पहले अनूप ठाकुर डीडीए में डायरेक्टर के पद पर नियुक्त थे. मंत्री रविंद्र सिंह इंद्राराज के सचिव वर्ष 2009 बैच के दानिक्स अधिकारी वदोदरिया करनजीत नियुक्त किए गए हैं. यह ट्रेड एंड टैक्स डिपार्टमेंट में जॉइंट कमिश्नर के पद पर तैनात थे.
इसी तरह दनिक्स अधिकारी वैभव रिखारी को स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह का सचिव नियुक्त किया गया है. यह नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में एडीएम के पद पर तैनात थे. मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के साथ दनिक्स अधिकारी मोहित मिश्रा सचिव के तौर पर अब जिम्मेदारी संभालेंगे. वह एनडीएमसी में भी डायरेक्टर थे. दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के सचिव विनय कुमार जिंदल को नियुक्त किया गया है. वह राजस्व विभाग में एडीएम के पद पर तैनात थे.
नई सरकार में छह मंत्रियों के साथ जो अधिकारी सचिव के तौर पर नियुक्त किए गए हैं, यह सभी पहली बार सचिव के तौर पर काम करेंगे. आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान यह सभी किसी भी मंत्री के साथ सीधे तौर पर नहीं जुड़े थे. दनिक्स अधिकारी विनीत कुमार इकलौते ऐसे अधिकारी हैं जो विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के सचिव नियुक्त किए गए हैं. विनीत कुमार पहले भी विजेंद्र गुप्ता के साथ थे जब वह नेता विपक्ष की भूमिका में होते थे
बता दें कि दिल्ली में एक महीने पहले बीजेपी की नई सरकार बनी थी और मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण किया था. उनके साथ इन 6 मंत्रियों ने भी अलग-अलग विभाग की जिम्मेदारी संभाली थी. दिल्ली में बनी नई सरकार के सामने बजट पेश करने की बड़ी चुनौती है. मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री इस समय अपने-अपने विभाग के लेखा-जोखा में जुटे हुए हैं. इसको लेकर वह सचिवालय में ताबड़तोड़ बैठकर भी कर रहे हैं. दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 24 मार्च से शुरू होगा और यह 27 मार्च को तक चलेगा. 25 मार्च को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जिनके पास वित्त विभाग की भी जिम्मेदारी है वह बीजेपी की नई सरकार में अपना पहला बजट विधानसभा में पेश करेंगीं.
