दिल्ली: भारतीय सिनेमा के वेटरन एक्टर और दादा साहब फाल्के अवार्ड से सम्मानित मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में निधन हो गया. उनके निधन पर राजनीति से लेकर मनोरंजन जगत की हस्तियों ने दुख व्यक्त किया है. पीएम मोदी ने एक्स पर मनोज कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया. वहीं कई बॉलीवुड कलाकारों ने सोशल मीडिया पर उनके निधन को हिंदी सिनेमा की अपूरणीय क्षति बताया.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘महान अभिनेता और फिल्ममेकर श्री मनोज कुमार जी के निधन से बहुत दुःख हुआ. वे भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे, जिन्हें खास तौर पर उनकी देशभक्ति के जोश के लिए याद किया जाता था, जो उनकी फिल्मों में भी झलकता था. मनोज जी के कामों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को जगाया और वे पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और फैंस के साथ हैं. ओम शांति’.
Deeply saddened by the passing of legendary actor and filmmaker Shri Manoj Kumar Ji. He was an icon of Indian cinema, who was particularly remembered for his patriotic zeal, which was also reflected in his films. Manoj Ji's works ignited a spirit of national pride and will… pic.twitter.com/f8pYqOxol3
— Narendra Modi (@narendramodi) April 4, 2025
मनोज मुंतशिर ने लिखा, ‘जीवन भर इस बात का अभिमान रहा और रहेगा, कि मेरा नाम आपसे मिलता है. देशभक्ति का पहला पाठ आपकी फिल्मों ने पढ़ाया.
भारत से प्यार करना मुझे भारत कुमार ने सिखाया. आप न होते, तो वो चिंगारी न होती जो मेरी साधारण सी कलम से ‘तेरी मिट्टी’ लिखवा ले. अलविदा मेरे हीरो! शांति’.
दिग्गज अभिनेता के निधन पर उनके बेटे कुणाल गोस्वामी ने बताया, ‘उन्हें लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं. यह भगवान की कृपा है कि उन्होंने शांतिपूर्वक इस दुनिया को अलविदा कह दिया. उनका अंतिम संस्कार कल होगा’.
