ग्रेटर नोएडा: यूपी ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र स्थित उद्योग केंद्र वन इलाके में उस समय हड़कंप मच गया. जब एक डाई बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. जब तक कोई कुछ समझ पाता. तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था. आग लगने की सूचना लोगों द्वारा तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई. मौके पर फायर विग्रेड की 10 गाड़ियां पहुंची और करीब 3 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया.
जिस वक्त आग लगी उस वक्त कंपनी में काफी लोगों के फंसे होने की बात सामने आई. जिसे देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर रवाना किया गया. समय रहते कंपनी में काम करने वाले सभी कर्मचारी बाहर निकल चुके थे. जिसके चलते किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है. फिलहाल आग पूरी तरीके से बुझा दी गई है.
चीफ फायर अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आज बुधवार को थाना इकोटेक-3 क्षेत्रान्तर्गत वुडन डाई मेकर कंपनी में शॉर्ट सर्किट हो जाने के कारण आग लग गई थी. सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, SDRF टीम, सीएफओ गौतमबुद्धनगर व एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा पुरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फायर सर्विस यूनिट द्वारा 10 गाड़ियों की सहायता से आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया है.
