दिल्‍ली-एनसीआर ग्रेटर नोएडा में जनगणना की ड्यूटी रिसीव नहीं करने वालों पर होगी FIR, मिली चेतावनी
दिल्‍ली-एनसीआर

ग्रेटर नोएडा में जनगणना की ड्यूटी रिसीव नहीं करने वालों पर होगी FIR, मिली चेतावनी

ग्रेटर नोएडा: जनगणना 2026-2027 को लेकर ग्रेटर नोएडा प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. ग्रेटर नोएडा के चार्ज अधिकारी और प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने चेतावनी दी है कि जिन कर्मचारियों और प्रागणकों की जनगणना में ड्यूटी लगाई गई है, वे बुधवार शाम तक अपनी ड्यूटी हर हाल में रिसीव कर लें. ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी.

प्रशासन ने साफ किया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अधिकारियों के मुताबिक सभी कर्मचारियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है और उन्हें 20 जून तक जनगणना का कार्य पूरा करना है. इसके बावजूद कई कर्मचारियों ने अब तक अपना काम शुरू नहीं किया है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है.

चार्ज अधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन को भी निर्देश दिए हैं कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को पूरा सहयोग दिया जाए. उन्होंने कहा कि यदि किसी संस्था की ओर से कार्य में बाधा उत्पन्न की गई, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने यह भी बताया कि यदि किसी नागरिक को अपने क्षेत्र के प्रागणक से संपर्क करने में परेशानी हो रही है, तो वह अपने क्षेत्र के वर्क सर्किल प्रभारी, प्रबंधक, सहायक प्रबंधक या सुपरवाइजर से संपर्क कर सकता है. अधिकारियों का कहना है कि जनगणना का कार्य समय पर पूरा करना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह सीधे सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों से जुड़ा होता है.

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ और जनगणना के नोडल अधिकारी सुमित यादव ने आरडब्ल्यूए और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन से अपील की है कि जनगणना कर्मचारियों को सोसाइटी और सेक्टरों में प्रवेश के दौरान किसी तरह की दिक्कत न होने दें. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के पहचान पत्र और ड्यूटी पत्र की जांच करने के बाद उन्हें सहयोग दिया जाए. साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए कर्मचारियों के लिए नींबू पानी और जलपान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी अपील की गई है. अधिकारियों ने कहा कि जनगणना का कार्य देशहित और जनहित से जुड़ा हुआ है और इसे सफल बनाने में आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है

Exit mobile version