दिल्‍ली-एनसीआर दिल्ली हाईकोर्ट ने यमुना नदी किनारे छठ पूजा करने की इजाजत देने से किया इनकार
दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली हाईकोर्ट ने यमुना नदी किनारे छठ पूजा करने की इजाजत देने से किया इनकार

दिल्ली: दिल्ली में यमुना नदी के तट पर छठ पूजा नहीं की जा सकेगी. दरअसल दिल्ली हाईकोर्ट ने नदी के तट पर छठ पूजा करने की इजाजत देने से इनकार कर दिया है. कोर्ट में दायर याचिका में यमुना के तट पर छठ पूजा की इजाजत की मांग की गई थी. जानकारी के लिए बता दें कि दिल्ली सरकार ने यमुना तट पर छठ पूजा पर रोक लगाई हुई है.

इसी के खिलाफ ‘पूर्वांचल नव निर्माण संस्थान’ नाम के संगठन ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. हाईकोर्ट ने कहा कि छठ पूजा चल रही है. हम ऐन वक्त पर कोई आदेश नहीं दे सकते हैं क्योंकि रातों रात यमुना नदी साफ नहीं हो सकती है. कोर्ट ने कहा कि यमुना नदी का पानी इतना गंदा है कि अगर लोग उसमें जाकर पूजा करेंगे तो वे खुद बीमार पड़ जाएंगे, इसलिए हम इसकी इजाजत नहीं दे सकते.

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने कहा कि छठ पूजा स्वच्छता का उत्सव है. इस बार हमें सिर्फ घाटों की सफाई की इजाजत दीजिए ताकि अगले साल हम वहां छठ पूजा कर सकें. तब हाईकोर्ट ने कहा कि आप यमुना तट की सफाई के लिए अलग से अर्जी दाखिल कीजिए. हम आपको सुनेंगे. लेकिन, इस याचिका पर हम ऐसा कोई आदेश नहीं दे सकते हैं.

इससे पहले बुधवार को यमुना नदी में हर साल की तरह गंदगी दिखाई दी. हालांकि लोग परंपरा के अनुसार यमुना में स्नान के लिए पहुंचे. दिल्ली के कालिंदी कुंज घाट पर बड़ी संख्या में लोगों ने स्नान किया. इस दौरान छठ व्रती दिल्ली सरकार के इंतजाम में नाखुश नजर आए. उन्होंने कहा कि सरकार को यमुना को साफ सुथरा करना चाहिए, लेकिन बीते कई सालों से लगातार बातें होती है और यमुना नदी का हाल वही रहता है.

Exit mobile version