दिल्‍ली-एनसीआर लोकसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक, दर्शक दीर्घा से कूदा शख़्स, आज ही है संसद पर हमले की बरसी
दिल्‍ली-एनसीआर

लोकसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक, दर्शक दीर्घा से कूदा शख़्स, आज ही है संसद पर हमले की बरसी

दिल्‍ली: लोकसभा में संसद की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से एक शख़्स के कूदने का मामला सामने आया है. शख़्स सांसदों की बेंचों के ऊपर से कूदते हुए स्पीकर की कुर्सी की तरफ़ बढ़ रहा है. इस शख़्स को सांसद पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं.

इस घटना के बाद कई सांसदों ने मीडिया से कहा कि लोकसभा में दर्शक दीर्घा से दो लोग कूदे थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ इन लोगों के हाथ में कलर स्मोग था. ये लोग लोकसभा में दर्शक दीर्घा से तब कूदे, जब पश्चिम बंगाल से बीजेपी सांसद खानेन मुर्मू बोल रहे थे.

राजेंद्र अग्रवाल ने संसद के बाहर आकर मीडिया से कहा, दर्शक दीर्घा से एक व्यक्ति गिरा, हमें ऐसा लगा कि वो गिरा है. मगर दूसरा व्यक्ति रेलिंग पकड़कर कूद रहा था. तो ध्यान में आया कि दोनों ही कूदे होंगे. उसमें से एक ने जूते में कुछ चीज निकालकर धुआं फैलाया. चिट-पिट की आवाज़ हुई. बाद में सुरक्षाकर्मियों ने उनको पकड़ लिया था. उनको लेकर गए. अब पता चलेगा कि कौन हैं, कहां से आए. किस संगठन से थे. तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय और समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने इसे सुरक्षा में चूक बताया है.

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने मीडिया से कहा, सदन के अंदर उतर गए. हाथ में कुछ था. भारी भरकम गैस निकल रही थी. सदन के अंदर जितने सांसद थे, सबने उन दोनों को पकड़ लिया. किसी सिक्योरिटी वाले ने नहीं, सांसदों ने उनको पकड़ लिया था. उसके बाद हम लोग बाहर निकले. बाकी दो बजे तक सदन बंद है. लेकिन देखने की बात ये है कि आज सुबह सदन में जो 2001 में हमला हुआ था, उनको हमने श्रद्धांजलि दी. आज ही के दिन जो फिर हमला हुआ, ये हमारी नज़र में सुरक्षा में चूक है.

Exit mobile version